गांधी नगर थाना क्षेत्र के नया बसेरा मल्टी में घरेलू हिंसा और मारपीट की वारदात सामने आई है। घर के खर्चे के लिए पैसे मांगने पर जब पत्नी ने पति को खुद कमाकर लाने की सलाह दी, तो आरोपी पति आगबबूला हो गया। आरोपी ने पहले तो पत्नी के साथ जमकर हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की और फिर गुस्से में आकर घर में रखी खलबट्टे की भारी मूसली से महिला के सिर के पीछे जोरदार वार कर दिया। हमले में महिला लहूलुहान हो गई। पीड़िता की शिकायत पर गांधी नगर थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नया बसेरा मल्टी गांधी नगर निवासी सीमा पति दीपक सुडरकर ने थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी महिला ने बताया कि वह जब अपना काम निपटाकर घर लौटी, तो उसका पति दीपक उससे तुरंत घर के खर्चे के लिए पैसे मांगने लगा। जब सीमा ने पैसे देने से इंकार किया और कहा कि 'तुम भी कुछ काम-धंधा करके कमा लिया करो', तो इतनी सी बात पर आरोपी पति आपा खो बैठा और महिला को गालियां देने लगा। जब फरियादी सीमा ने गालियां देने का विरोध किया, तो आरोपी दीपक ने उसके साथ थप्पड़ों से बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता के चीखने- चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास और पड़ोस के लोग मौके पर एकत्र होने लगे। खुद को घिरता देख और गुस्से में आकर आरोपी पति ने घर में रखा खलबट्टा की मूसली उठाई और सीमा के सिर के पिछले हिस्से पर दे मारी। सिर में मूसली लगते ही गहरा घाव हो गया और तेज खून बहने लगा। चीख-पुकार मचने पर पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



