द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित स्कीम नंबर 71 में बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए और सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन तथा नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
द्वारकापुरी पुलिस के अनुसार, सेक्टर-ए स्कीम नंबर 71 निवासी फरियादिया शोभना चेतन्य (70 वर्ष) ने थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि अज्ञात बदमाश उनके सूने मकान का मुख्य ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, चांदी के बर्तन और कुछ नकदी चुराकर ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। द्वारकापुरी पुलिस ने संदिग्धों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 26 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


