मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के गृह वार्ड क्रमांक 27 से बीते निकाय चुनाव में कांग्रेस से चुनाव लड़ने वाले बब्बू यादव इन दिनों भाजपाइयों के करीब दिखने से चर्चाओं में है। कल वार्ड के लोगों की धार्मिक यात्रा को रवाना करने का आयोजन बब्बू ने किया। खास बात यह है कि विधायक रमेश मेंदोला ने बसों को हरी झंडी दिखाई।
नवरात्रि के दौरान जीतू यादव ने मंच से मासूम अनिका के इलाज के लिए हुए जनसहयोग में बब्बू यादव की भूमिका के लिए तारीफ की थी। इसके बाद कल बब्बू यादव ने अयोध्या सहित 5 धार्मिक स्थलों के लिए 5 बसें रवाना की। यात्रा में शामिल वार्ड के श्रद्धालुओं ने जयकारे भी लगाए।
यात्रा को हरी झंडी दिखाने पहुंचे मेंदोला ने बब्बू को समाजसेवी बताया। अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या मेंदोला ने बब्बू की यात्रा के लिए बस को हरी झंडी दी या बब्बू को! कयास भी लगाए जा रहे है कि बब्बू दलबदल पर विचार कर सकते है।
हालांकि आगामी दिनों क्या होगा, इसका तो अंदाजा किसी को नहीं,बस चर्चाओं का बाजार जरूर गर्म हो गया है।
वार्ड जीतने में छूटे थे पसीने
वार्ड क्रमांक 27 से बब्बू यादव पिछला चुनाव लड़े थे, उनका सामना मुन्नालाल यादव से हुआ था, वार्ड में बब्बू की पकड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लाखों मतों से जीतने वाले मेंदोला की विधानसभा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का गृह क्षेत्र और सामने सीनियर नेता मुन्नालाल यादव होने के बावजूद इस वार्ड को जीतने में भाजपा को पसीने छूट गए थे। बब्बू कई वर्षों से घर-घर पानी बांटने का काम भी कर रहे हैं।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष का भी है क्षेत्र
बताया जा रहा है बब्बू यादव द्वारा पहले भी इस वार्ड से धार्मिक यात्रा निकाली गई है। हालांकि यह यात्राएँ 1 दिवसीय ही हुई है। इन यात्राओं के दौरान बस पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चिंटू चौकसे और राजू भदौरिया के भी चित्र होते थे।
लेकिन कल रवाना हुई यात्रा में चौकसे, राजू और मेंदोला किसी के चित्र तो नहीं थे, लेकिन मेंदोला की मौजूदगी चर्चाओं में रही। हालांकि बब्बू ने सोशल मीडिया पर इस आयोजन में चिंटू चौकसे और राजू भदौरिया की उपस्थिति बताई। जबकि सूत्रों का कहना है कि यह चौकसे और भदौरिया का पुराना चित्र है जिसे इस आयोजन से जोड़ दिया गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 27 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



