चंदन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सिरपुर-धार रोड स्थित एक खाली मैदान में मौजूद था, जहां पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे धर दबोचा।
चंदन नगर पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की तलाश के दौरान सिरपुर-धार रोड के खाली मैदान में एक युवक की संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम लक्की शेख निवासी नूरानी नगर बताया। संदेह के आधार पर आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने अवैध हथियार व कारतूस जब्त कर आरोपी लक्की शेख के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी से हथियार लाने के स्रोत और उसके मकसद को लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 26 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


