शहर के बाजारों में खरीदारी करने जाएं तो दुकान तक पहुंचने से पहले वाहन खड़ा करने की जगह तलाशना बड़ी चुनौती बन गया है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन, फुटपाथ पर कब्जे और पार्किंग की कमी के कारण कई बाजारों में यातायात जाम आम हो गया है। पार्किंग के लिए जगह नहीं मिलने पर लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे दूसरे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों की परेशानी बढ़ती है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने तीन सड़कों पर ऑन-स्ट्रीट पार्किंग का प्रयोग किया, जो सफल रहा। अब पांच और सड़कों पर इसे लागू करने की तैयारी है, लेकिन पार्किंग सशुल्क होगी या निःशुल्क, इस पर निगम अधिकारियों और महापौर के बीच मतभेद हैं। शनिवार को होने वाली महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक में इसका फैसला होगा।
बाजारों में पार्किंग की समस्या गंभीर
राजवाड़ा, जवाहर मार्ग, सराफा, एमजी रोड, जेल रोड, रानीपुरा और सियागंज जैसे बाजारों में पार्किंग की समस्या लगातार सामने आ रही है। त्योहारों और खरीदारी के दौरान हालात और बिगड़ जाते हैं। हाल ही में राजवाड़ा क्षेत्र में सात पार्किंग स्थलों की क्षमता करीब 2925 वाहनों की बताई गई, इसके बावजूद पार्किंग और यातायात का दबाव बना रहा। कई जगह पार्किंग मौजूद होने के बाद भी लोगों को उसकी जानकारी और पहुंच नहीं होने से वाहन सड़क पर खड़े होते हैं। स्मार्ट पार्किंग की व्यवस्थाओं में भी लिफ्ट बंद और संचालन संबंधी समस्याएं सामने आई हैं।
पार्किंग प्रयोग की टाइमलाइन
– अक्टूबर 2026: शहर में पार्किंग व्यवस्था सुधारने के लिए संभावित स्थानों की पहचान और प्रयोग की तैयारी। – नवंबर की शुरुआत: जेल रोड सहित प्रमुख बाजारों में वाहनों को व्यवस्थित खड़ा कराने की पहल। – 16 नवंबर: तीन सड़कों पर ऑन-स्ट्रीट पार्किंग का प्रयोग सफल, 24 अन्य सड़कों पर विस्तार का प्रस्ताव तैयार।
– 21 नवंबर: सड़क सुरक्षा समिति ने पांच और सड़कों पर पार्किंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी की।
पेड पार्किंग पर अधिकारियों और महापौर की अलग राय
निगम अधिकारी पार्किंग व्यवस्था को सशुल्क लागू करने के पक्ष में प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं, जबकि महापौर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है कि पार्किंग निःशुल्क रहनी चाहिए। कलेक्टर शिवम वर्मा सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में पांच सड़कों पर पार्किंग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दे चुके हैं। अब एमआईसी में तय होगा कि वाहन चालकों से शुल्क लिया जाए या उन्हें मुफ्त पार्किंग की सुविधा मिले। 1- राजवाड़ा क्षेत्र की सात पार्किंगों की क्षमता करीब 2,925 वाहनों की रिपोर्ट की गई, फिर भी बाजारों में जाम और पार्किंग संकट बना रहा।
2- जेल रोड पर व्यवस्थित दोपहिया पार्किंग से सड़क पर चलने और बाजार पहुंचने में राहत।
2- संजय सेतु स्मार्ट पार्किंग में लिफ्ट बंद और संचालन संबंधी समस्याओं का निराकरण नहीं।
3- राजवाड़ा, जवाहर मार्ग, एमजी रोड, सरवटे और रानीपुरा क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात जाम की समस्या।
4- पेड नहीं फ्री पार्किंग चाहते हैं इंदौर के लोग जिस स्थान पर शुल्क किया जाता है वहां गाड़ी पार्क नहीं करते इसीलिए मल्टी लेवल पार्किंग का उपयोग क्षमता के अनुरूप नहीं हो रहा।
कल होने वाली एमआइसी बैठक में ये प्रस्ताव
एमआईसी बैठक में सौर ऊर्जा और नवकरणीय ऊर्जा के लिए अलग विभाग बनाने, 33 इलेक्ट्रिक-सीएनजी टैंकर खरीदने, विज्ञापन अधिकार, डिजिटल गवर्नेंस प्लेटफॉर्म के लिए अर्नेस्ट एंड यंग से पूरक अनुबंध, उद्यानों व ग्रीन बेल्ट के रखरखाव, दिव्यांगजनों के आरक्षित पदों की पूर्ति और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 27 November 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




