शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
रॉबर्ट नर्सिंग होम में 16 बिस्तरों का नया वार्ड शुरू, बनेगा विस्तार का विजन प्लान लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव मंजूर, मोदी कैबिनेट का ऐतिहासिक फैसला खजराना के ताज नगर में नलों से आ रहा बदबूदार गंदा पानी, रहवासी परेशान संविधान दिवस पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ 1962 पर कॉल करते ही घर पहुंचेगी ‘ई-मैत्री’, पशुपालकों को घर बैठे कृत्रिम गर्भाधान सुविधा दूध का भाव 12 रुपए प्रति फैट करने की मांग, किसान मोर्चा ने सांची दूध संघ को सौंपा ज्ञापन कान्ह नदी फिर बहेगी: एसटीपी का साफ पानी लिफ्ट कर नदी में छोड़ने की योजना फूटी कोठी के सब्जी विक्रेताओं के लिए आम आदमी पार्टी ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन महू नाका की 53 हजार वर्गमीटर जमीन के लिए स्मार्ट सिटी ने फिर निकाला 350 करोड़ का टेंडर मेंदोला ने हरी झंडी बस को दिखाई या बब्बू यादव को? कांग्रेस नेता की यात्रा से इंदौर में सियासी चर्चा
देश

लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव मंजूर, मोदी कैबिनेट का ऐतिहासिक फैसला

मोदी कैबिनेट ने सभी राज्यों की लोकसभा सीटें 50% तक बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी, नई सीमा 2050 तक लागू रहेगी; 30 नवंबर को लोकसभा में बिल पेश होगा।

लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव मंजूर, मोदी कैबिनेट का ऐतिहासिक फैसला

नई दिल्ली (सिटी ब्लास्ट डेस्क)। केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक इजाफे का रास्ता खोल दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवातीर्थ में हुई कैबिनेट बैठक में इससे जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई। करीब एक घंटे चली बैठक के बाद अब यह विधेयक 30 नवंबर को लोकसभा में रखा जाएगा।

इस बदलाव के बाद परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर अधिकतम 850 तक हो सकती हैं। सरकार का कहना है कि सीटें बढ़ने से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की राह आसान होगी। सरकार की योजना इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की है।

नई व्यवस्था के तहत हर राज्य की लोकसभा सीटें बराबर अनुपात में यानी 50 प्रतिशत तक बढ़ेंगी, और सीटों की यह नई अधिकतम सीमा वर्ष 2050 तक लागू रहेगी। राज्यों के बीच सीटों का आपसी अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर पहले जैसा ही बना रहेगा। माना जा रहा है कि इस फॉर्मूले से तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक जैसे दक्षिणी राज्यों की वह आशंका दूर होगी कि परिसीमन के बाद संसद में उनका प्रतिनिधित्व घट जाएगा।

गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने वाला संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 लोकसभा में पारित नहीं हो सका था। अब सरकार उसी कानून में बदलाव कर नए रूप में विधेयक ला रही है। वाईएसआरसीपी ने शर्तों के साथ विधेयक का समर्थन करने की बात कही है।

विशेष सत्र का कार्यक्रम

सरकार ने गुरुवार को संसद के विशेष सत्र का ऐलान किया था। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी, जबकि 3 दिसंबर को दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी जाएगी।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कैबिनेट बैठक से पहले विपक्ष से बहस में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि विशेष सत्र तभी बुलाया जाता है जब कोई अहम काम सामने हो, ऐसे में इसे असंवैधानिक बताना गलत है। सदन को सुचारू रूप से चलाना सभी दलों की जिम्मेदारी है।

विपक्ष का आरोप और रणनीति

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक पास कराने के लिए गलत तरीके से बहुमत जुटा रही है। पार्टी ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी कर दिया है। शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में कांग्रेस के संसदीय रणनीति समूह की बैठक होगी, वहीं शनिवार को INDIA गठबंधन के नेता एक साथ बैठेंगे।

राजद सांसद मनोज झा ने इस कदम को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने परिसीमन को भाजपा की बड़ी भूल करार दिया। कर्नाटक के मंत्री सतीश जारकीहोली ने सवाल उठाया कि जब महिला आरक्षण कानून पहले ही बन चुका है, तो भाजपा उसे बार-बार परिसीमन से क्यों जोड़ रही है।

किसके भरोसे है सरकार

संविधान संशोधन के लिए सरकार को दो-तिहाई बहुमत चाहिए। अगर सभी 540 सांसद मतदान करते हैं, तो सरकार को डीएमके, एनसीपी (शरद पवार) और वाईएसआरसीपी जैसे दलों के समर्थन की जरूरत पड़ेगी। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश चुनाव को देखते हुए सपा मतदान से दूरी बना सकती है, जिससे सरकार की राह कुछ आसान हो सकती है।

22 सांसदों वाली डीएमके ने अपना रुख कुछ नरम किया है। पार्टी की शर्त है कि परिसीमन के बाद भी संसद में तमिलनाडु की मौजूदा 7.2 प्रतिशत हिस्सेदारी बनी रहे, यानी सभी राज्यों की सीटें बराबर 50 प्रतिशत बढ़ें। डीएमके सांसद ए. राजा ने कहा कि पार्टी अंदरूनी चर्चा के बाद अपना फैसला बताएगी। एनसीपी (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि विधेयक देखने के बाद ही वे कुछ कहेंगी। वहीं जेडीयू ने विशेष सत्र से महिला आरक्षण और परिसीमन, दोनों मुद्दों का हल निकलने की उम्मीद जताई है।