महू बस स्टैंड क्षेत्र में ठंड से बचने के लिए अलाव तापने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। कहासुनी और मारपीट के दौरान एक युवक ने दूसरे पर व्हाइटनर की बोतल उड़ेलकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। लोगों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला, जबकि घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात बीती रात महू बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय में हुई। घायल युवक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी करण पिता देवकरण निवासी बस स्टैंड क्षेत्र, महू के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अलाव तापने की बात पर दोनों के बीच तकरार शुरू हुई थी।
विवाद के दौरान मारपीट होते-होते आरोपी ने पीड़ित के ऊपर व्हाइटनर उड़ेल दिया और आग लगा दी। व्हाइटनर के कारण आग का तेज भभका उठा और युवक के कपड़ों में आग लग गई, जिससे उसका चेहरा, गर्दन, सीना, पीठ, हाथ और कमर बुरी तरह झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने झुलसे युवक को अस्पताल पहुंचाया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 26 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


