भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में शाई होप ने शानदार शतक लगाया और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने इस मैच में 50 गेंदों में 102 रन की नाबाद पारी खेली। इस पारी में उनके बल्ले से 4 चौके और 9 छक्के निकले। उनकी इस पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और मैच 24 रन से जीतकर सीरीज में 2-2 से बराबरी कर ली। इस दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए और अब उनके पास विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है।
शाई होप को शुरुआत में टी20 का बल्लेबाज नहीं माना जाता था। वह धीमी गति से रन बनाते थे और तकनीकी रूप से सक्षम बल्लेबाज हैं। इसी वजह से टेस्ट और वनडे क्रिकेट में ही उन्हें ज्यादा तवज्जो दी जाती थी, जहां लंबी पारियां खेलने की जरूरत होती है। हालांकि, होप अब 200 के स्ट्राइक रेट से लंबी पारियां खेल रहे हैं। इस मैच में उन्होंने अपने टी20 करियर की तीसरा शतक लगाया और क्रिस गेल को पीछे छोड़ते हुए वेस्टइंडीज के लिए इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। भारत के इस दौरे में शाई होप बेहतरीन फॉर्म में हैं। उनके बल्ले से 7 पारियों में 4 शतक निकल चुके हैं। इन 4 में से 3 शतकीय पारियों में तो उन्होंने अंत तक बल्लेबाजी की है। यह इसलिए मायने रखता है, क्योंकि शाई सलामी बल्लेबाज हैं। वह नाबाद रहते हैं तो एक छोर पर विकेट गिरने की संभावनाओं को ही खत्म कर देते हैं। इसके साथ ही वह विकेटकीपर भी हैं। एक पारी में विकेटकीपिंग करने के बाद दूसरी पारी में पूरे समय क्रीज पर रहना उनकी फिटनेस को दर्शाता है।
शाई होप ने इस मैच में 16वीं बार अपनी टीम के लिए 50 रन या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया। इस मामले में उन्होंने क्रिस गेल की बराबरी की। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने 16 बार वेस्टइंडीज के लिए फिफ्टी प्लस रन बनाए हैं। होप के पास इसी सीरीज के आखिरी मैच में अर्धशतक लगाकर गेल को पीछे छोड़ने का मौका है। शाई होप अगर बेंगुलुरू में होने वाले पांचवें टी20 मैच में 50 रन बना लेते हैं तो वह बतौर कप्तान एक सीरीज में चौथी बार 50 रन से ज्याद की पारी खेलेंगे। वह ऐसा करने वाले पहले कप्तान होंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। कोहली ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ होम सीरीज में यह उपलब्धि हासिल की थी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 15 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





