खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम बावलिया में उधारी के पैसों के लेन-देन को लेकर हुए खूनी संघर्ष में दो सगे भाइयों ने अपने ही 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता और छोटे भाई पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर दोनों आरोपी बेटों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना ग्राम बावलिया में हुई। फरियादी हनीफ पिता अल्लाबक्श कुरैशी (70) मूल निवासी ग्राम बावलिया ने अपने छोटे बेटे शकील के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी भैंसों की खरीद- फरोख्त का काम करता है और उसने तथा उसके बेटे शकील ने मिलकर अपने बड़े बेटे शाहरुख को 61 हजार रुपए उधार दिए थे। घटना के दिन दोपहर करीब 3:00 बजे जब शकील उधार दिए गए पैसे मांगने शाहरुख के पास गया, तो वह भड़क गया और गालियां देते हुए पैसे देने से साफ इंकार कर दिया। विवाद बढ़ता देख दूसरा बेटा सलीम भी वहां आ गया और उसने डंडे से शकील के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग पिता हनीफ को भी आरोपी बेटों ने डंडों से बुरी तरह पीट दिया। आसपास के लोगों के बीच- बचाव करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 15 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



