सराफा थाना क्षेत्र के बर्तन बाजार की एक दुकान के गोडाउन में चोरी की नीयत से घुसे एक युवक को दुकान के कर्मचारियों ने रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी बर्तन बाजार की एक दुकान के तलघर में रखे तांबे के घड़े, डिब्बे और टिफिन जैसी कीमती सामग्रियां चुरा रहा था। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना कसेरा बाजार बर्तन बाजार स्थित दुकान क्रमांक 51 की है। फरियादी रितेश पिता दिलीप कुमार सदावना, निवासी अन्नपूर्णा ने थाना सराफा पहुंचकर पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी है। फरियादी रितेश ने पुलिस को बताया कि कल दोपहर करीब सवा चार बजे वे अपनी दुकान के बाहर मौजूद थे। उसी दौरान उनकी दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी महेश चौधरी ने उन्हें अंदर बुलाया। जब रितेश अंदर गए, तो उन्होंने देखा कि उनके स्टाफ ने एक संदिग्ध लड़के को पकड़ रखा था। जब रितेश ने पूछताछ की, तो कर्मचारी महेश ने बताया कि यह लड़का दुकान के तलघर में बने गोडाउन में चुपचाप घुसा था और वहां रखे तांबे के घड़े, रोटी रखने के डिब्बे, पारा कढ़ाई और टिफिन जैसी कीमती सामग्रियां चोरी कर रहा था। स्टाफ ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी हिमेश निवासी मोती तबेला को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ चोरी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि इस चोरी में उसके साथ अन्य कोई और भी शामिल था या नहीं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 15 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



