नई दिल्ली। अंडर-19 एशिया कप 2026 के खिताबी मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात देकर भारत को चैंपियन बनाने वाले युवा बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग अपने पिता पूर्व दिग्गज क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और भाई वेदांत के साथ मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम पहुंचे। इस ऐतिहासिक जीत और टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बाद आर्यवीर ने परिवार के साथ आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। सोमवार को बागेश्वर धाम सरकार के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से इस मुलाकात की तस्वीरें साझा की गईं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने की जमकर तारीफ
बागेश्वर धाम सरकार के इंस्टाग्राम पेज पर तस्वीरें शेयर करते हुए आर्यवीर की जमकर सराहना की गई। पोस्ट में लिखा गया कि ‘होनहार बिरवान के होत चिकने पात, इसी कहावत को चरितार्थ किया है मुल्तान के सुल्तान नाम से विश्व प्रसिद्ध क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के सुपुत्र और भारतीय क्रिकेट के सितारे आर्यवीर सहवाग ने, जिन्हें एशिया कप 2026 में पाकिस्तान को धूल चटाने में अहम योगदान के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दिया गया।’ इस दौरान आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने युवा क्रिकेटर को अपने जीवन पथ पर अडिग रहने और सदैव कर्तव्यशील बने रहने का आशीर्वाद दिया।
आखिरी ओवर में जप रहे थे सीताराम-सीताराम
फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मिली 1 विकेट की रोमांचक जीत के बाद आर्यवीर ने पिता वीरेंद्र सहवाग से वीडियो कॉल पर बातचीत में मैदान के कई दिलचस्प किस्से भी साझा किए थे। आर्यवीर ने बताया था कि मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद पाकिस्तानी दर्शक भी ‘सहवाग-सहवाग’ के नारे लगा रहे थे। वहीं, 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जब मुकाबला आखिरी ओवर में बेहद तनावपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया था और जीत के लिए आखिरी गेंद पर 3 रन चाहिए थे, तब आर्यवीर लगातार ‘सीताराम- सीताराम’ का जाप कर रहे थे। इसके बाद मोहित उलवा ने चौका जड़कर भारत को यादगार जीत दिलाई थी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 17 November 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






