मल्हारगंज थाना क्षेत्र के 15वीं बटालियन मेन गेट के सामने कार चालकों के बीच मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। अर्टिका सवार युवकों ने सिग्नल पर खड़ी कार को टक्कर मारी और फिर कार चालक के साथ मारपीट भी की। महिला के साथ अभद्रता का आरोप भी लगाया गया। वहीं बीचबचाव करने गए राहगीरों से भी मारपीट की गई।







मल्हारगंज पुलिस को फरियादी आयुष पिता अजय गंगराडे निवासी शेखर पार्क ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह बटालियन मेन गेट पर बने ट्रैफिक सिग्नल पर रूके थे तभी पीछे से अर्टिका क्रमांक एमपी 09 बीटी 0772 का चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए आया और फरियादी की कार को टक्कर मार दी, जिसके बाद फरियादी ने जब विरोध किया और कहा कि नुकसान की भरपाई करो तो अर्टिका चालक और उसके साथियों ने फरियादी के साथ मारपीट की।
एक राहगीर ने जब बीचबचाव किया तो अर्टिका में सवार युवकों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। इधर आयुष की पत्नी जब वीडियो बना रही थी तो उनके साथ भी अनुचित व्यवहार युवकों ने किया। मौके पर मल्हारगंज पुलिस भी पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश दी, लेकिन जब बात नहीं बनी तो फरियादी ने शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने कार क्रमांक के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की। इधर राऊ पुलिस को फरियादी शशांक पिता गणेश यादव निवासी सिलीकॉन सिटी ने शिकायत दर्ज करवाई कि कार क्रमांक एमपी 09 झेडडी 4517 के चालक और उसके साथियों ने राम मंदिर के सामने अपशब्द कहते हुए मारपीट की।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने कार के कांच भी फोड़ दिए और जान से मारने की धमकी भी दी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 17 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

