तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के नई बस्ती में पारिवारिक विवाद के चलते एक नवविवाहित युवक द्वारा फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त करने का दुखद मामला सामने आया है। मृतक का विवाह महज पांच महीने पहले ही हुआ था और वह परिवार से अलग रह रहा था। घटना की रात पत्नी से हुई मामूली कहासुनी के बाद युवक ने खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार,28 वर्षीय अर्जुन पिता बनेसिंह राठौर, निवासी नई बस्ती पेशे से चौकीदारी का काम करता था। परिजनों ने बताया कि करीब पांच माह पूर्व ही अर्जुन का विवाह अंजलि नाम की युवती से हुआ था, जिसके बाद से ही वह अलग मकान में निवास कर रहा था। सोमवार रात जब अर्जुन काम से घर लौटा, तो किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया। बहस बढ़ने पर उग्र अर्जुन ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया और फांसी के फंदे पर झूल गया। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों व दोस्तों की मदद से दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तेजाजी नगर पुलिस मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर जांच कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 29 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



