इंदौर। सांवेर थाना क्षेत्र के ग्राम हांसाखेड़ी में सोशल मीडिया पोस्ट के शक में एक युवक के साथ मारपीट और उसकी कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सरपंच प्रतिनिधि समेत चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी श्याम आंजना निवासी हांसाखेड़ी की रिपोर्ट पर आरोपी बहादुरसिंह आंजना, सरपंच प्रतिनिधि सुमित आंजना और सुमित के ससुराल पक्ष के अजय व लखन निवासी नवेली, उज्जैन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी सुमित आंजना के परिवार पर किसी ने इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक कमेंट किया था। आरोपियों को फरियादी श्याम और गांव के एक अन्य लड़के पर कमेंट करने का शक था। इसी रंजिश में आरोपियों ने श्याम के साथ गाली- गलौज व मारपीट की और उसकी कार में तोड़फोड़ कर दी। वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने डीआईजी के जन विश्वास शिविर में गुहार लगाई थी, जिसके बाद पुलिस ने हरकत में आते ही आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 3 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



