एमआईजी थाना क्षेत्र के मालवीय नगर कृष्णबाग कॉलोनी में पारिवारिक विवाद और शंका के चलते एक महिला द्वारा अपने ही पति पर खौफनाक हमला करने का मामला सामने आया है। चरित्र पर शंका करने की बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद उग्र हुई पत्नी ने उबलता हुआ गर्म तेल पति के शरीर पर ढोल दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। पीड़ित पति की शिकायत पर एमआईजी थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मालवीय नगर कृष्णबाग कॉलोनी निवासी गजराज बड़ौदे ने एमआईजी थाने पहुंचकर अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायती रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी अनिता बड़ौदे उस पर अकारण ही चरित्र शंका करती आ रही है। घटना वाले दिन भी पत्नी अनिता ने इसी बात को लेकर उसके साथ बेवजह विवाद शुरू कर दिया और अश्लील गालियां बकने लगी। जब पीड़ित गजराज ने गालियां देने और चरित्र पर झूठा संदेह करने से मना किया, तो आरोपी पत्नी आपा खो बैठी। विवाद बढ़ने पर आरोपी अनिता ने रसोई घर में जाकर गर्म हो रहा तेल उठाया और सीधे पति गजराज के शरीर पर उड़ेल दिया। शरीर पर खोलता तेल पड़ते ही पीड़ित चीख पड़ा और उसका शरीर गंभीर रूप से झुलस गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी महिला पति को भविष्य में जान से खत्म करने की धमकी देने लगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



