कंबल में बांधकर ई-रिक्शा में घुमाया शव, फिर जला डाला, सिर में लगी सर्जिकल प्लेट बनी मर्डर मिस्ट्री सुलझाने की कुंजी
इंदौर (सिटी ब्लास्ट प्रतिनिधि)। आजाद नगर थाना क्षेत्र में सिग्नेचर हाइट्स के पास तीन दिन पहले मिले अधजले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पोस्टमॉर्टम के दौरान सिर में लगी सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने जब हिरासत में लिए गए संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की, तो हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हो गया। पूछताछ में आरोपी दोस्त अजय ने पत्नी से दोस्ती के शक में हत्या करने की बात कबूल कर ली है।


आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश भदौरिया के अनुसार, कुछ दिन पहले सिग्नेचर हाइट्स के पास एक युवक का बुरी तरह जला हुआ शव मिला था। शिनाख्त में आ रही दिक्कत के बीच पोस्टमॉर्टम में मृतक के सिर में सर्जिकल प्लेट लगी मिली। प्लेट के सीरियल नंबर के आधार पर अस्पतालों का रिकॉर्ड खंगाला गया, जिसमें अरबिंदो अस्पताल से जानकारी मिली कि वर्ष 2025 में सिर की सर्जरी के दौरान यह प्लेट एरोड्रम क्षेत्र निवासी विनय उर्फ विनायक उर्फ वीनू पिता जगदीश सोलंकी के सिर में लगाई गई थी।
यह भी पढ़ें: युवक का जला हुआ शव मिला, हत्या की आशंका
इसके बाद एरोड्रम थाने में दर्ज गुमशुदगी के आधार पर मृतक की पहचान सुनिश्चित हुई। परिजनों के मुताबिक, ई-रिक्शा चलाने वाला विनय 21 नवंबर की रात से लापता था और 22 नवंबर को पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पहचान के बाद कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने विनय के तीन दोस्तों को हिरासत में लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सख्त पूछताछ में आरोपी अजय ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी पत्नी और विनायक उर्फ वीनू के बीच दोस्ती थी, जिसे उसने देख लिया था। इसी रंजिश के चलते अजय ने पहले उसे गांजा पिलाया और फिर घर में कंबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने शव को उसी कंबल में लपेटा और कई घंटों तक ई-रिक्शा में लेकर शहर में घूमता रहा। सूत्रों के अनुसार, रास्ते में नशा करने के बाद अजय आरआई-2 क्षेत्र में सुनसान जगह पहुंचा, कंबल सहित शव में आग लगाई और मौके से भागकर घर जाकर सो गया।
फिलहाल पुलिस अजय समेत अन्य बिंदुओं पर गहन पूछताछ कर रही है। जल्द पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।



