एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा के पलटने से उसमें सवार 12 वर्षीय स्कूली छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। ई-रिक्शा चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिसके बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित छात्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। एरोड्रम पुलिस के अनुसार, शुभम पैलेस निवासी शंकर नामदेव (12) हादसे का शिकार हुआ है। घटना छोटा बांगड़दा रोड स्थित न्यू इरा स्कूल के पास की है। पीड़ित छात्र ने बताया कि वह ई-रिक्शा में सवार होकर जा रहा था, तभी चालक ई-रिक्शा को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चलाने लगा। अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा सड़क पर ही पलट गया, जिसके नीचे छात्र शंकर दब गया। हादसे में उसके सिर, कमर, दोनों हाथों और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए छात्र को रिक्शा के नीचे से निकाला और उसे उसके स्कूल के पास तक पहुंचाया। एरोड्रम पुलिस ने आरोपी ई-रिक्शा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और चोट पहुंचाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 25 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




