क्राइम ब्रांच ने स्नेहलतागंज क्षेत्र से एक आरोपी को 12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पहले भी एमआईजी थाने में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम संदिग्धों की तलाश और गश्त करते हुए स्नेहलतागंज स्थित पशु चिकित्सालय के सामने पहुंची थी। वहां एक संदिग्ध युवक खड़ा दिखा, जो पुलिस के पूछताछ करने पर घबराकर हड़बड़ाने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया, जिसने अपना नाम एजाज उर्फ पिन्टू निवासी तुकोगंज क्षेत्र, इंदौर बताया। संदेह के आधार पर तलाशी ली गई तो आरोपी ने पैंट की जेब से एक पन्नी निकाली, जिसमें 12 ग्राम ब्राउन शुगर पाई गई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध शाखा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि 10वीं पास आरोपी घर से सिलाई का काम करता है और उसके खिलाफ 17 जनवरी 2026 को एमआईजी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/27 के तहत भी अपराध दर्ज हुआ था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ब्राउन शुगर की सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 25 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



