सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

टीवी के विवाद में युवक पर लोहे के पाइप से हमला,चाबी घोंपकर सिर फोड़ा

लसूड़िया थाना क्षेत्र में टीवी के लेन-देन की रंजिश को लेकर एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने बीच रास्ते कार रोककर युवक से गाली-गलौज…

लसूड़िया थाना क्षेत्र में टीवी के लेन-देन की रंजिश को लेकर एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने बीच रास्ते कार रोककर युवक से गाली-गलौज की और विरोध करने पर कार से लोहे का पाइप निकालकर उसके पैर पर दे मारा। इसके बाद सिरफिरे आरोपी ने अपनी कार की चाबी से युवक के सिर पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर लसूड़िया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लसूड़िया पुलिस के अनुसार, घटना कैलोद हाला के पास की है। मामले में पीड़ित दीपेश पिता रामू जोशी, निवासी राजीव आवास विहार ने थाने पहुंचकर आपबीती बताई और रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रजत धारीवाल निवासी निरंजनपुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरियादी दीपेश ने पुलिस को बताया कि वह अपने काम से जा रहा था, तभी आरोपी रजत धारीवाल अपनी मारुति कार से आया और जबरन उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने आते ही कहा कि तेरी दुकान वाले मेरी टीवी लेकर चले गए हैं। इस पर दीपेश ने निष्पक्षता से जवाब दिया कि उसका जो भी लेन-देन है, वह सीधा दुकान पर जाकर बात करे, उसका इससे कोई लेना-देना नहीं है। इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपी रजत धारीवाल फरियादी को गालियां देने लगा। जब पीड़ित ने गाली-गलौज करने से सख्त ऐतराज जताया, तो आरोपी आपा खो बैठा। उसने अपनी मारुति कार से लोहे का पाइप निकाला और दीपेश के बाएं पैर के टखने पर दे मारा, जिससे वह दर्द से कराह उठा। इसके बाद आरोपी ने हमला जारी रखते हुए अपनी कार की चाबी से दीपेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें