लसूडिया थाना क्षेत्र की फोनिक्स टाउनशिप में बेखौफ बदमाशों द्वारा एक युवती और युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने तथा उन्हें पहली मंजिल से नीचे फेंक देने का मामला सामने आया है। फोन पर हुई कहासुनी के बाद बौखलाए बदमाश अपने अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल से फरियादी के घर पहुंचे और मारपीट की। हमलावरों से जान बचाकर पहली मंजिल पर भागे पीड़ित युवती और युवक को बदमाशों ने पीछा कर धक्का दे दिया, जिससे दोनों नीचे जा गिरे। हादसे में युवती के माथे पर गंभीर चोट आई है। पीड़ित की शिकायत पर लसूडिया थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फोनिक्स टाउनशिप निवासी दीपक पिता सुनील राठौर ने लसूडिया थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी दीपक ने बताया कि घटना के वक्त दीपिका नामक युवती को आरोपी आकाश उर्फ मॉडल का फोन आया था, जिस पर दोनों के बीच फोन पर ही कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। इस बात से नाराज होकर आरोपी आकाश उर्फ मॉडल निवासी निरंजनपुर मंडी के पीछे और लक्की उर्फ गप्पी निवासी लसूडिया मोरी अपने अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर तुरंत फोनिक्स टाउनशिप पहुंच गए। घर के बाहर पहुंचते ही आरोपियों ने गालियां बकते हुए दीपक और दीपिका की ओर दौड़ लगा दी और हाथ-मुक्कों से उनके साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों के हमले से घबराकर दीपक युवती दीपिका को बचाते हुए सीढ़ियों से ऊपर की ओर भागा। जैसे ही दोनों जान बचाकर पहली मंजिल पर पहुंचे, पीछा कर रहे आकाश मॉडल और उसके साथी भी वहां आ धमके और दोबारा मारपीट करने लगे। हाथापाई के दौरान बदमाशों की धक्का-मुक्की और हमले से दीपक और दीपिका दोनों पहली मंजिल से सीधे नीचे फर्श पर जा गिरे। अचानक नीचे गिरने से दीपिका के माथे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को एकत्र होता देख आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। लसुड़िया पुलिस ने पीड़ित दीपक की शिकायत पर आरोपी आकाश मॉडल, लक्की गप्पी और उनके अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



