तुकोगंज थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और उसके साथी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता जब अपने सहकर्मी के साथ घर पहुंची, तो उसकी बिल्डिंग में रहने वाले सुमित अग्रवाल नामक सिरफिरे ने अश्लील गालियां देते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथी पर घूंसे और थप्पड़ बरसा दिए, वहीं युवती के साथ बदसलूकी करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
तुकोगंज पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती दर्ज कराई। फरियादिया ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी खत्म कर अपने साथी आदित्य के साथ घर लौटी थी। तभी उनकी ही बिल्डिंग में रहने वाला आरोपी सुमित अग्रवाल निवासी माया मेंशन, एमजी रोड वहां आ धमका और बिना किसी वजह के अश्लील भाषा का इस्तेमाल करते हुए गालियां देने लगा। जब पीड़िता और उसके साथी आदित्य ने इसका विरोध किया, तो आरोपी उग्र हो गया और आदित्य पर हाथ-थप्पड़ों तथा घूंसों से हमला कर दिया। इस मारपीट में आदित्य की गर्दन, मुंह और कोहनी पर गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान जब पीड़िता ने अपने साथी को बचाने का प्रयास किया और आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो सुमित अग्रवाल ने बुरी नीयत से पीड़िता को गलत तरीके से छुआ और उसे जोर से धक्का दे दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती पर झूठे आरोप लगाते हुए कहा कि क्या तुमने यहां अय्याशी का अड्डा बना रखा है और जाते-जाते दोनों को जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 28 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



