खुड़ैल थाना क्षेत्र में बिजली के खुले तार हटाने की बात को लेकर दो बुजुर्ग भाइयों में विवाद हो गया। तैश में आए छोटे भाई ने अपने 70 वर्षीय बड़े भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी जगदीश पिता रामचंद्र पटेल (70) ने अपने भाई विष्णु पटेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि दोपहर के वक्त जब वे घर के बाहर ओटले पर बैठे थे, तब उन्होंने विष्णु से घर के ऊपर से गुजर रहे करंट के तार हटाने और आना-जाना बंद करने को कहा। इसी बात पर बहस के बाद आरोपी विष्णु कुल्हाड़ी उठा लाया और वार कर दिया। हमले में जगदीश के हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई है। भतीजे ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



