इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र स्थित श्रीविनायक टाउनशिप देवगुराड़िया में चोरों ने एक सूने मकान के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश अलमारियां खंगालकर 1.5 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और कार की चाबियां तक चुरा ले गए। पुलिस के अनुसार, फरियादी अरुण चौहान पिता रामचंद्र चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे 23 सितंबर की रात पलासिया स्थित अपने ऑफिस में काम करने गए थे और घर पर कोई नहीं था। अगली सुबह 24 सितंबर को जब वे घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर दोनों कमरों की अलमारियों के लॉक टूटे थे और सामान व मंदिर की मूर्तियां अस्त-व्यस्त थीं। जांच करने पर अलमारी में रखे 1.5 लाख रुपये नकद, एक सोने की चेन, मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, तीन जोड़ी टॉप्स, चांदी का गुच्छा, चांदी की मछलियां, चरण पादुकाएं और उनकी किया सेल्टोस कार एमपी-08 झेडसी 9090 की चाबियां गायब थीं। खुड़ैल पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



