सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

फोन कर बुलाया फिर बीयर की बोतल फोड़कर युवकों पर किया हमला

फिरंगी कैफे के पास घटी घटना, बीच- बचाव में दोस्त की अंगुली कटी

इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते एक युवक और उसके दोस्त के साथ गाली-गलौज, मारपीट और कांच की बोतल से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले तो फरियादी को फोन करके मिलने बुलाया, फिर कैफे के बाहर ले जाकर उसके दोस्त के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने बीयर की बोतल फोड़कर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें बीच-बचाव करने आया युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर लसूड़िया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पंचशील नगर लोहा मंडी निवासी विनायक शर्मा पिता मुकेश शर्मा ने थाने पहुंचकर आपबीती दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि आरोपी राहुल यादव ने उसे फोन करके मुलाकात करने के लिए बुलाया था। मुलाकात के दौरान आरोपी राहुल, विनायक के दोस्त गोपाल को बिना वजह गालियां देने लगा। पास में ही ‘हब' के पास पुलिस की मौजूदगी देखकर आरोपी सभी को फिरंगी कैफे के सामने ले गया, जहां राहुल और उसके सहयोगियों ने विनायक व गोपाल के साथ अश्लील गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। विवाद के दौरान गुस्साए आरोपी राहुल ने अचानक बीयर की खाली बोतल फोड़ी और गोपाल पर वार करने के लिए दौड़ा। जब विनायक ने अपने दोस्त गोपाल को बचाने के लिए तुरंत बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो कांच की टूटी बोतल का वार विनायक के दाहिने हाथ की अंगुली पर लग गया। हमले में अंगुली कट जाने से खून बहने लगा, जिसके बाद आरोपी मौके से धमकी देते हुए फरार हो गए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 28 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें