आईसीसी टी20 रैंकिंग में एक बार भारतीय टीम ने शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। 11 जुलाई को इंग्लैंड से हारने के बाद भारत को नंबर- 1 की पोजीशन गंवानी पड़ी थी। लेकिन सिर्फ 15 दिन के भीतर टी20 के धुरंधरों ने अंग्रेजों को तख्त से हटाकर दोबारा अपना कब्जा कर लिया है। जिम्बाब्वे से लगातार 2 जीत का नतीजा है कि श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम दोबारा सबसे ऊपर विराजमान हो गई है।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार भारतीय टीम एक बार फिर टी20 फॉर्मेट में नंबर-1 बन गई है। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार 6 मुकाबलों में हार का सामना करने के बाद भारत को अपनी पोजीशन गंवानी पड़ी थी। लेकिन अभी भी इंग्लिश टीम ज्यादा पीछे नहीं है। देखा जाए तो दोनों टीमों के रेटिंग पॉइंट्स 268 ही है। लेकिन फिर भी आईसीसी की तालिका में टीम इंडिया को एक पायदान का फायदा हुआ है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया (3), न्यूजीलैंड (4) और दक्षिण अप्रीका (5) टॉप-5 में मौजूद हैं।
भारतीय टीम मौजूदा समय में जिम्बाब्वे दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। 2 मुकाबलें जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज पर कब्जा कर लिया है। पहले मैच में 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी की 19 गेंदों में 50 रन की पारी के दम पर 7 विकेटों से जीत दर्ज की थी। फिर दूसरी भिड़ंत में ईशान किशन और तिलक वर्मा ने क्रमश: 81 और 60 रन बनाकर 219 के स्कोर पर पहुंचाया। जिसके जवाब में जिम्बाब्वे 129 रन ही बना सकी। लिहाजा भारत ने 90 रन के बड़े मार्जिन से जीत अपने नाम की।
तीसरा मुकाबला खेला जाएगा आज
इसके साथ ही आपको बता दें कि जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरा मुकाबला आज यानी 26 जुलाई को शाम 4:30 बजे खेला जाने वाला है। टीम इंडिया के पास मौका है कि इस मैच को जीतकर विपक्षी टीम का सूपड़ा साफ करे, साथ ही टी20 रैंकिंग में अपनी स्थिती को और मजबूत करे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 26 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




