आज सुबह फूटी कोठी रिंगरोड पर नगर निगम की टीम और पुलिस ने मोर्चा थामकर दुकानें नहीं लगने दी, जबकि आज दुकानदार सब्जी और फल लेकर पहुंच गए थे और कुछ लोगों ने पुल के नीचे बोगदा में दुकान भी लगा ली थी, जिसे हटाया गया और कुछ सब्जी फेंकने का काम भी किया गया, पुलिस ने सब्जी लेकर आने वाले व्यापारी को दूर से रोकने का काम किया। इसके बाद सब्जी व्यापारियों ने जमकर विरोध जताया।


निगम ने कह दिया था कि रिंगरोड के अलावा भी ब्रिज के नीचे भी दुकानें नहीं लगने दी जाएगी, लेकिन व्यापारी ब्रिज के नीचे दुकान लगाने के लिए अड़ गए थे जबकि इन दुकानदारों को वैकल्पिक रूप से रिंगरोड द्वारकापुरी सब्जी मंडी व्यापारियों को चंदन नगर क्षेत्र में जमीन दी गई थी। इस जमीन पर इन लोगों को सब्जी मंडी लगाने के लिए कहा गया था।
सब्जी व्यापारी नगर निगम के इस फैसले से सहमत नहीं थे। इन व्यापारियों का कहना था कि उन्हें फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे ही सब्जी मंडी लगाने के लिए अनुमति दी जानी चाहिए, क्योंकि इससे उनके जो ग्राहक हैं वे आसानी से उन तक पहुंच सकेंगे और सब्जी खरीद सकेंगे। कुल मिलाकर समाचार लिखे जाने तक जद्दोजहद चल रही है।
कांग्रेस नेत्री भी जा पहुंची आज फिर, कल पहुंचे थे कांग्रेस अध्यक्ष चौकसे
आज सुबह सब्जी मंडी नहीं लगने देने की जानकारी निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट को लगी वे देवेन्द्रसिंह यादव सहित अन्य कांग्रेसियों के साथ फूटी कोठी द्वारकापुरी रिंगरोड के नीचे बोगदे में पहुंच गई थी। यहां कांग्रेसियों ने नारेबाजी भी की और कहा कि बोगदे के नीचे सब्जी मंडी लगने दी जाए। पुलिस और निगम ने कांग्रेसियों की एक नहीं सुनी। इस दौरान सब्जी व्यापारियों ने कुछ दुकानें बोगदे के नीचे लगा भी ली थी, जिसे हटाने की कोशिश पुलिस करती रही। कांग्रेसियों और सब्जी व्यापारियों के हाथ में विरोध के बैनर पोस्टर भी थे जिस पर लिखा था गरीबों के साथ अन्याय बंद करो। उल्लेखनीय है कि कल भी शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे कांग्रेसियों के साथ यहां सब्जी व्यापारियों की मदद करने पहुंचे थे।


मिमरोट को हिरासत में लिया, साथ ही पाण्डे और भदौरिया की भी टांगा टोली
सब्जी व्यापारियों को भी पुलिस ने बैठाया गाड़ी में
काफी जद्दोजहद के बाद सबसे पहले पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद पाण्डे को हटाने की कोशिश फूटी कोठी रिंगरोड ब्रिज के नीचे बोगदे से की, जब वे नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की, जब वे नहीं हिले तो उनकी टांगा टोली करके पुलिस ने उन्हें वाहन तक पहुंचाया, इसके बाद कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया की भी टांगाटोली कर और पुलिस ने उन्हें भी वाहन तक पहुंचाया। महिला पुलिस ने निगम में नेताप्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट को भी हिरासत में लेकर उन्हें भी पुलिस वाहन में बैठाया, इसके बाद कई सब्जी व्यापारी विरोध कर रहे थे उन्हें भी हिरासत में लिया गया।



यह भी पढ़ें:
- शहर कांग्रेस और निगम नेता प्रतिपक्ष ने अलग-अलग सौंपे ज्ञापन
- कांग्रेसी आज दोपहर के बजाय शाम को करेंगे निगम का घेराव
- शहर कांग्रेस और पार्षद मिलकर करेंगे कल निगम का घेराव
- द्वारकापुरी के सब्जी व्यापारियों को चंदन नगर में शिफ्ट किया
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 25 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




