शहर कांग्रेस और निगम में नेता प्रतिपक्ष ने कल सब्जी व्यापारियों और कांग्रेसियों के साथ नगर निगम के घेराव का ऐलान किया था। कांग्रेसियों की बहुत ज्यादा भीड़ नहीं जुट पाई, लेकिन सब्जी व्यापारी जरूर बस भरकर नगर निगम मुख्यालय पहुंच गए। सब्जी व्यापारियों को अब कांग्रेस से ही आस दिख रही है।

कल कांग्रेस के भी दो खेमे, नगर निगम का पार्षद दल और शहर कांग्रेस, अलग-अलग दिखाई दिए, क्योंकि दोनों के ज्ञापन अलग-अलग बनकर आए थे और अलग-अलग ही नगर निगम अधिकारी को सौंपे गए। दोनों की प्रदर्शन की घोषणा पर सब्जी मंडी से हटाए गए व्यापारी निगम पहुंचे और उन्होंने भाजपा नेताओं को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि महापौर और विधायक के झगड़े में हमारा नुकसान हुआ है। सब्जी व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पूंजीपतियों और बड़े व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए यह मंडी हटाई गई है।
उल्लेखनीय है कि मंडी हटाने के एक दिन पहले ही स्वनिधि योजना के अंतर्गत इंदौर नगर निगम को प्रथम स्थान मिला था। महापौर, एमआईसी सदस्य और वरिष्ठ अधिकारियों ने दिल्ली में यह सम्मान प्राप्त किया था और दूसरे ही दिन फूटी कोठी रिंगरोड से सब्जी मंडी के व्यापारियों को हटा दिया गया। कांग्रेस और सब्जी व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मंडी हटाते समय विरोध के दौरान पुलिस ने बल प्रयोग भी किया था।
कांग्रेस ने कहा कि गरीबों पर हो रहे अन्याय को वह सहन नहीं करेगी और आगे भी लड़ाई लड़ती रहेगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे प्रदर्शन के दौरान आक्रामक दिखे। उन्होंने कहा कि सब्जी व्यापारियों की लड़ाई कांग्रेस लड़ती रहेगी। आज फिर कांग्रेसी फूटी कोठी से हटाए गए सब्जी व्यापारियों के बीच पहुंचे। सब्जी व्यापारी यही कहते दिखे कि विधायक और महापौर की लड़ाई में उनका नुकसान हो गया है।
कांग्रेस की मांग है कि फ्लाईओवर के नीचे सब्जी व्यापारियों को दुकान लगाने की अनुमति दी जाए। निगम पहले भी राजकुमार मिल, भंडारी मिल और बंगाली चौराहा फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी लगाने की छूट दे चुका है। इसी तरह फूटी कोठी क्षेत्र के फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे भी सब्जी की दुकानें लगाने की छूट दी जाए।
प्रमुख रूप से चिंटू चौकसे, सोनिला मिमरोट, राजेश चौकसे, अमन बजाज, संजय बाकलीवाल, शैलेष गर्ग, यशस्वी पटेल, अमित पटेल, सादिक खान, अनवर दस्तक, रफीक खान, देवेन्द्र यादव, प्रमोद द्विवेदी, नीलेश सेन, बंटी बदलानी, रविकांत मिश्रा, सीमा सोलंकी, अंसाफ अंसारी, राजू भदौरिया सहित अन्य मौजूद थे।
पाण्डे ने पार्षदों को लपेटा
पिछले कुछ माह से चर्चा में रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद पाण्डे भी कल ज्ञापन और प्रदर्शन के दौरान निगम पहुंचे थे। अपने उद्बोधन में पाण्डे ने कहा कि सरकार कोई भी हो, जनता से बड़ी सरकार नहीं होती। जनता का फैसला सरकार को स्वीकार करना चाहिए। पाण्डे ने कांग्रेस की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनसे भी पूछ लो कि ये भी कभी सत्ता में आएंगे तो काम करेंगे या नहीं।
पाण्डे ने पार्षदों को भी लपेट लिया और कहा कि पार्षदों को नगर निगम से 14-15 हजार रुपए वेतन मिलता है, लेकिन पार्षद बनने के कुछ दिन बाद ही वे बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूमने लगते हैं, यह पैसा कहां से आता है? इस दौरान वहां खड़े कांग्रेस के पार्षद बगलें झांकने लगे।
कांग्रेस के दो ज्ञापन से दिखी दूरी
शहर कांग्रेस और पार्षद दल ने सब्जी व्यापारियों और कांग्रेसियों के साथ निगम पर प्रदर्शन कर ज्ञापन देने की घोषणा की थी। शहर कांग्रेस और पार्षद दल की एकजुटता में दरार उस समय दिख गई, जब शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने अपर आयुक्त मनोज कुमार पाठक को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे, जबकि मौजूद पार्षदों और कांग्रेसियों का मानना था कि एक ही ज्ञापन दिया जाना था।
कल कांग्रेसियों की भीड़ भी कम नजर आई। शहर पदाधिकारियों से लेकर अन्य मोर्चा और प्रकोष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक व मंडलम अध्यक्ष भी नदारद थे। और तो और, जिस विधानसभा 4 से सब्जी मंडी का मुद्दा जुड़ा है, उसी के पदाधिकारी और जिम्मेदार भी नदारद थे। अगर सब्जी व्यापारी बस भरकर नहीं आते तो भीड़ मुट्ठीभर ही दिखती।





