शहर कांग्रेस, कांग्रेस पार्षद दल द्वारा फूटी कोठी रिंगरोड सब्जी मंडी के व्यापारियों की रोजी-रोटी और रोजगार पर आए संकट के विरोध में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ घेराव की घोषणा सुबह 11 बजे अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने की थी। अब समय को बदलकर कांग्रेस ने निगम घेराव की घोषणा आज शाम 4 बजे की है। निगम नेता प्रतिपक्ष और शहर कांग्रेस अध्यक्ष के अलावा कांग्रेस पार्षद, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। चिंटू चौकसे का कहना है कि हटाए गए इन सब्जी व्यापारियों को दूर भेजा जा रहा है जहां उनका व्यवसाय नहीं चलेगा। चौकसे ने बताया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने यह घोषणा की थी कि इस सब्जी मंडी को फूटी कोठी चौराहे पर ही बने फ्लाई ओवर ब्रिज के नीचे शिफ्ट कर दिया जाएगा, लेकिन अब घोषणा के विपरीत बलपूर्वक सब्जी मंडी से व्यापारियों को हटा दिया गया और जो स्थान अब बताया गया है वह दूरी पर है। इस मुद्दे पर आज शाम 4 बजे कांग्रेस निगम का घेराव कर निगम आयुक्त से चर्चा करेगी और आयुक्त से मांग की जाएगी कि इन सब्जी विक्रेताओं को पुल के नीचे ही स्थान देकर इनका पुनर्वास किया जाए।
फूटी कोठी सब्जी मंडी में आज सुबह भी धरना-प्रदर्शन
फूटी कोठी रिंगरोड से सब्जी मंडी हटाने का जहां विरोध हो रहा है, वहीं रहवासियों ने इसका समर्थन भी किया है। कांग्रेस आज इस मुद्दे पर शाम 4 बजे नगर निगम का घेराव कर रही है। वहीं आज सुबह सब्जी मंडी हटाने के विरोध में सब्जी विक्रेताओं ने यहां धरना-प्रदर्शन किया। सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद पाण्डे, कांग्रेस नेता विकास जोशी के अलावा वीरू तंवर, शारदा वर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 23 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






