सोमवार, 23 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

द्वारकापुरी के सब्जी व्यापारियों को चंदन नगर में शिफ्ट किया

दुकान लगाने के लिए 140 सब्जी व्यापारियों ने लिया स्थान, एक तरफ आंदोलन तो दूसरी तरफ निगम से ले रहे थे जमीन।

द्वारकापुरी के सब्जी व्यापारियों को चंदन नगर में शिफ्ट किया
द्वारकापुरी के सब्जी व्यापारियों को चंदन नगर में शिफ्ट किया (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

इंदौर नगर निगम के द्वारा द्वारकापुरी के सब्जी व्यापारियों को चंदन नगर में शिफ्ट कर दिया गया है। कल निगम के द्वारा इस सब्जी मंडी को हटाए जाने के बाद एक तरफ तो व्यापारी आंदोलन कर रहे थे और दूसरी तरफ वैकल्पिक स्थान पर जाकर नगर निगम से जमीन भी ले रहे थे। निगम के द्वारा चंदन नगर में 140 सब्जी व्यापारियों को स्थान का आवंटन कर दिया गया है।

द्वारकापुरी चौराहे के पास में सड़क पर और वह भी सर्विस रोड पर लगने वाली सब्जी मंडी को हटाने के लिए पिछले कई दिनों से कसरत की जा रही थी। इसी बीच कल अचानक नगर निगम के द्वारा कार्रवाई करते हुए इस सब्जी मंडी को हटा दिया गया। निगम की कार्रवाई का इन सब्जी कारोबारियों ने जमकर विरोध किया। इनका कहना था कि इन्हें कहीं और भेजने के बजाय इनकी सब्जी मंडी के स्थान के पास में ही स्थित फूटी कोठी के फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे के स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाए। पहले नगर निगम का भी प्रस्ताव यही था लेकिन उस समय पर सब्जी व्यापारी इस प्रस्ताव पर सहमत नहीं हो रहे थे। कल जब नगर निगम ने कार्रवाई कर दी तो विरोध में धरना प्रदर्शन करने के साथ इन व्यापारियों की ओर से पुल के नीचे जगह देने की मांग भी उठाई जाने लगी।

निगम के द्वारा इस सब्जी मंडी को हटाने की कार्रवाई करने के बाद सब्जी कारोबारियों को कह दिया गया कि आपकी सब्जी मंडी को चंदन नगर चौराहे के पास में स्थित खाली स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है। जो व्यापारी वहां पर शिफ्ट होना चाहते हैं वे लोग वहां पर आ जाएं तो उन्हें निगम की ओर से स्थान का आवंटन कर दिया जाएगा। इस दौरान कुछ सब्जी व्यापारियों के द्वारा निगम अधिकारियों के समक्ष यह तथ्य रखा गया कि नए स्थान पर कौन से व्यापारी की सब्जी की दुकान कौन सी जगह लगेगी यह भी निगम ही तय कर दे अन्यथा आगे दुकान लगाने को लेकर सब्जी व्यापारियों के बीच आपस में ही विवाद होने लगेगा।

सब्जी व्यापारियों की इस बात को सुनकर नगर निगम के अधिकारियों के द्वारा उन्हें नए स्थान पर आने के लिए कल ही संदेश दे दिया गया था। इस संदेश के परिणामस्वरूप 140 सब्जी व्यापारी नए स्थान पर अपनी जगह देखने के लिए पहुंच गए। नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सिंह ने बताया कि इन सभी सब्जी व्यापारियों को कल ही स्थान आवंटित कर दिया गया। इनमें से हर व्यापारी को यह बता दिया गया कि उसे इस नई मंडी में किस स्थान पर अपनी दुकान लगाना है।

निगम का बल तैनात-आज सुबह से नगर निगम की टीम द्वारकापुरी में उस स्थान पर तैनात कर दी गई है जहां पर अब तक सब्जी मंडी लग रही थी। अब उस स्थान पर यह मंडी किसी भी हालत में नहीं लगे इसके लिए सुबह से ही निगम की टीम को द्वारकापुरी चौराहे पर लगा दिया गया। इस टीम को सीधा निर्देश दिया गया है कि यदि कोई भी सब्जी व्यापारी अपनी सब्जी की दुकान लगाने के लिए इस स्थान पर आता है तो उसे रोक दिया जाए। यदि यह व्यापारी नहीं रुकता है तो उसके सामान को जब्त कर लिया जाए। नगर निगम की टीम के द्वारा मोर्चा संभाल लिए जाने के कारण द्वारकापुरी चौराहे के परंपरागत स्थान पर आज सब्जी की कोई दुकान नहीं लग सकी।

चंदन नगर में भी निगम की टीम-इसके साथ ही नगर निगम के द्वारा चंदन नगर में भी अपनी टीम लगा दी गई है ताकि सब्जी व्यापारियों को जो नया स्थान आवंटित किया गया है उस स्थान पर दुकान लगाकर कारोबार करने में उन्हें कहीं कोई परेशानी नहीं आए। इसके साथ ही निगम के द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि यदि कोई सब्जी व्यापारी इस नए स्थान पर आकर अपनी दुकान लगाता है तो कोई दूसरा व्यापारी आकर उसे रोकने या उसके कारोबार में बाधा पैदा करने का काम नहीं करें।

120 लोगों को और दे देंगे जगह-निगम के अधिकारियों ने बताया कि द्वारकापुरी की सब्जी मंडी में कुल 260 सब्जी कारोबारी काम कर रहे थे। इन सभी को कल हटा दिया गया है। नए स्थान पर 140 सब्जी कारोबारियों के द्वारा नई जगह प्राप्त कर ली गई है। ऐसे में अब बचे हुए 120 सब्जी कारोबारी भी यदि कारोबार करने के लिए नए स्थान पर आते हैं तो उन्हें नगर निगम की टीम के द्वारा स्थान आवंटित करने का काम कर दिया जाएगा।

रात में किया हनुमान चालीसा का पाठ-द्वारकापुरी चौराहे से हटाए गए सब्जी मंडी के कारोबारियों के द्वारा कल रात को भी नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए अपना धरना जारी रखा गया। इस धरने में इंदौर नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट तो पहले ही पहुंच कर शामिल हो गई थीं। रात में शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी वहां जाकर इन व्यापारियों के विरोध का समर्थन किया। इस मौके पर व्यापारियों के द्वारा वहां पर हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा था। चौकसे इस पाठ में भी शामिल हुए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 22 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 22 November 2026, पृष्ठ 3