नगर निगम ने कल फूटीकोठी के समीप सर्विस रोड पर लगने वाली सब्जी मंडी की दुकानों को हटा दिया था, जिसकी चेतावनी पहले से सब्जी व्यापारियों को दी गई थी। सब्जी मंडी हटाने के बाद सब्जी व्यापारियों का विरोध जारी रहा था। इस विरोध में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे, निगम नेताप्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, देवेन्द्रसिंह यादव सहित अन्य भी व्यापारियों के साथ पहुंच गए थे। कांग्रेस ने कहा कि व्यापारियों के साथ न्याय होना चाहिए वे सब्जी बेचकर अपना रोजगार और घर चला रहे हैं, उन्हें पुल के नीचे बोगदा में जगह देना चाहिए। कांग्रेस ने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाए और कहा कि गरीबों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने यह भी कहा कि क्षेत्रीय विधायक और महापौर ने पूर्व में आश्वासन दिया था कि दुकानें नहीं हटाई जाएगी। सब्जी दुकानें हटाने के विरोध में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे ने कहा कि कल निगम नेताप्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट और सभी कांग्रेस पार्षदों के अलावा कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ सोमवार सुबह 11 बजे निगम और अधिकारियों का घेराव किया जाएगा और इन सब्जी व्यापारियों को शिफ्ट करने की मांग भी की जाएगी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 22 November 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






