इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में काम पर आने से मना करने की बात को लेकर उपजे विवाद में आरोपियों ने खूनी संघर्ष करते हुए चाचा-भतीजे पर चाकू से हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में चाचा के पेट और बीच-बचाव करने आए 16 वर्षीय भतीजे के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना नरवल काकड़ स्थित प्रवल रेस्टोरेंट के पास घटी। फरियादी विकास कुमार पिता अजय सिंह, निवासी गणेश धाम कॉलोनी ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी है। पीड़ित विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि बीती रात वे अपने 16 वर्षीय भतीजे अंकित कुमार के साथ किसी काम से जा रहे थे। जब वे नरवल काकड़ स्थित प्रवल रेस्टोरेंट के पास पहुंचे, तो वहां आरोपी विवेक निवासी शिवकंठ नगर अपने अन्य साथियों के साथ खड़ा हुआ था। वहां पहुंचते ही आरोपी विवेक ने विकास को रोक लिया और गुस्से में कहा कि तूने मुझे काम पर आने से मना क्यों किया था? इस पर विकास ने जवाब दिया कि यह बात सेठ ने कही है, तुम उन्हीं से बात कर लेना। इतना सुनते ही विवेक आगबबूला हो गया और गंदी-गंदी गालियां देने लगा। विरोध करने पर विवेक और उसके साथियों ने विकास के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी विवेक ने अपनी पैंट की कमर में छिपाकर रखा हुआ चाकू निकाल लिया और विकास पर वार कर दिया। विकास के पीछे हटने के बावजूद उनके पेट के हिस्से में चोट आ गई। यह देख जब उनके नाबालिग भतीजे अंकित कुमार ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपी विवेक ने अंकित के बाएं हाथ पर भी चाकू से जोरदार वार कर दिया, जिससे उसके हाथ से खून बहने लगा। हमलावर जाते-जाते दोनों चाचा- भतीजे को जान से खत्म करने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाणगंगा थाना पुलिस ने फरियादी विकास कुमार की रिपोर्ट पर आरोपी विवेक और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 15 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



