इंदौर। सांवेर थाना क्षेत्र में लेनदेन के पुराने विवाद को लेकर बदमाशों ने एक युवक को रास्ते में घेरकर लहूलुहान कर दिया। आरोपियों ने पहले उसके साथ जमकर मारपीट की और फिर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। जांघ में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात सांवेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम धरमपुरी में पेट्रोल पंप के सामने जैतपुरा ब्रिज के पास बीती रात हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की पहचान अरविंद पिता राजाराम गवलिया निवासी ग्राम मुंडला हुसैन, क्षिप्रा के रूप में हुई है। पीड़ित अरविंद ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि रात के वक्त जब वह उक्त स्थान से गुजर रहा था, तभी आरोपी नयन पिता मदनलाल मंडलोई, निवासी ग्राम पालिया, सोनू सिगरेट निवासी इंदौर और उनके एक अन्य साथी ने उसे पेट्रोल पंप के पास घेर लिया। आरोपियों ने पुरानी रंजिश और पैसों के लेनदेन के विवाद को लेकर उसे जातिसूचक गालियां देना शुरू कर दिया। जब अरविंद ने इसका विरोध किया और अभद्रता करने से मना किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बात इतनी बढ़ गई कि उनमें से एक आरोपी ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर अरविंद पर तान दी और जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद आरोपी ने अचानक जमीन की तरफ फायर कर दिया। गोली जमीन से टकराकर उछली और सीधे अरविंद की जांघ में जा लगी, जिससे खून बहने लगा और उसे दो घाव हो गए। चीख- पुकार सुनकर जब आसपास के लोग जुटे, तो आरोपी मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही सांवेर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहाँ उसका इलाज जारी है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

![[हटाएं – 17900 में जोड़ दिया] मामूली बात पर युवक से मारपीट](https://cityblast.in/wp-content/uploads/2026/10/cbs-fallback-crime-v3-640x360.jpg)
