बुधवार, 11 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

भाई के साथ मारपीट की शिकायत करने गई बहन के सिर पर डंडे से किया हमला

आजाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भाई के साथ हुई मारपीट का विरोध करना और पूछताछ करना एक युवती को भारी पड़ गया।

आजाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भाई के साथ हुई मारपीट का विरोध करना और पूछताछ करना एक युवती को भारी पड़ गया। आरोपी ने भाई के बीच-बचाव में आई बहन के सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जाते-जाते आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना मालवीय नगर इलाके की है। फरियादी शारदा गोयल निवासी मालवीय नगर ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि कुछ समय पहले आरोपी दीपक परमार निवासी शांति नगर ने उनके भाई चंदन के साथ झगड़ा कर उसके साथ मारपीट की थी। इसी बात की शिकायत करने और यह पूछने के लिए कि उसने उनके भाई को क्यों मारा है, शारदा गोयल आरोपी दीपक के पास बातचीत करने गई थीं। जैसे ही शारदा ने उससे सवाल किया, आरोपी दीपक भड़क गया और उन्हें गालियां देने लगा। जब शारदा ने उसे गालियां देने से मना किया, तो गुस्से में आकर दीपक ने पास रखा डंडा उठाया और सीधे उनके सिर पर दे मारा। हमले में शारदा के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना के दौरान मौके पर मौजूद ललिताबाई और बेलवाई नामक महिलाओं ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। जाते-जाते आरोपी दीपक धमकी देते हुए कह रहा था कि आज तो तू बच गई, लेकिन अगर आइंदा मुझे समझाने या बीच में आई, तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 11 November 2026, पृष्ठ 9