बुधवार, 11 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

त्योहार पर युवाओं को ड्रग्स सप्लाई करने की फिराक में था तस्कर

इंदौर।

त्योहार पर युवाओं को ड्रग्स सप्लाई करने की फिराक में था तस्कर

इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हीरानगर थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने त्योहार के मद्देनजर युवाओं को ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक शातिर तस्कर को धर दबोचा है, जिसके कब्जे से 1 लाख 20 हजार रुपए कीमत की अवैध ब्राउन शुगर जब्त की गई है। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

हीरानगर थाना पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और भ्रमण ड्यूटी के दौरान संदिग्धों की चेकिंग करते हुए बीमा अस्पताल के पीछे पहुँची थी। इसी दौरान बीमा अस्पताल के पीछे शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस बल को अपनी ओर आते देख भागने की फिराक में था। सतर्क टीम ने त्वरित घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहित उर्फ मोनू उर्फ मीठा पिता शिवनारायण रभाणे, निवासी भागीरथपुरा के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 11.34 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1,20,000 है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि आरोपी मोहित उर्फ मोनू एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध शहर के विभिन्न थानों में मारपीट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और आबकारी एक्ट के तहत कुल 09 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 11 November 2026, पृष्ठ 10