दोहा। आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में ईशा सिंह, मनु भाकर और दिव्या थाडिगोल सुब्बाराजू ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में गोल्ड पर निशाना साधा। इसके बाद भी व्यक्तिगत फाइनल में स्टार निशानेबाज मनु और ईशा 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने का मौका चूक गईं। व्यक्तिगत फाइनल में ईशा सिंह आठवें और अंतिम स्थान पर रहीं, जबकि दो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मनु भाकर मामूली अंतर से पदक से चूककर चौथे स्थान पर रहीं।
दक्षिण कोरिया की यांग जिन ने 44 अंकों के विश्व रिकॉर्ड प्रदर्शन के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वियतनाम की त्रिन्ह थू विन्ह ने 43 अंकों के साथ सिल्वर और चीन की झांग यूयू ने 34 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। तीनों पदक विजेताओं ने अपने-अपने देशों के लिए 2028 ओलंपिक का कोटा भी सुनिश्चित किया। ईशा तीसरे और मनु छठे स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंची थीं। दोनों भारतीय निशानेबाज फाइनल में अपना प्रदर्शन बरकरार नहीं रख सकीं। इस चैंपियनशिप में लॉस एंजिलिस ओलंपिक के कुल 36 कोटा दांव पर हैं। हाल ही में आइची-नागोया में हुए एशियाई खेलों में इसी स्पर्धा का व्यक्तिगत रजत पदक जीतने वाली ईशा का प्रदर्शन फाइनल में बेहद निराशाजनक रहा। वह चार सीरीज में क्रमशः एक, पांच, तीन और दो निशाने ही साध सकीं। इस तरह 20 में से केवल 11 हिट के साथ उन्हें सबसे पहले प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। मनु ने कई शूटऑफ में जगह बनाकर पदक की उम्मीदें कायम रखीं, लेकिन आखिरकार वह चौथे स्थान पर रहीं। उन्होंने कुल 27 हिट हासिल किए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





