बुधवार, 11 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

बदमाशों ने लोहे की बाउंड्री पर सिर पटककर किया घायल

एमजी रोड थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक गांधी हॉल परिसर के पास दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक के साथ जमकर मारपीट की।

एमजी रोड थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक गांधी हॉल परिसर के पास दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक के साथ जमकर मारपीट की। बात बढ़ने पर आरोपियों ने पीड़ित का सिर लोहे की बाउंड्री वॉल से दे मारा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना एमजी रोड थाना क्षेत्र के गांधी हॉल परिसर की है। फरियादी अभिषेक पिता अनिल वर्मा, निवासी मच्छी बाजार, रानीपुरा ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वे गांधी हॉल के पास मौजूद थे। इसी दौरान वहां दो अज्ञात व्यक्ति आए और उन पर शोर शराबा करने का आरोप लगाते हुए हुज्जत करने लगे। अभिषेक ने जब इसका विरोध करते हुए कहा कि वे कोई शोर नहीं कर रहे हैं, तो दोनों अज्ञात आरोपियों में से एक ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया और हाथ-थप्पड़ों से मारपीट करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि दूसरे अज्ञात आरोपी ने अभिषेक को पकड़कर पास ही बने बगीचे की लोहे की बाउंड्री पर सिर जोर से मार दिया। इस हमले में अभिषेक के सिर पर गंभीर चोट आई और तुरंत खून बहने लगा। घटना के बाद दोनों अज्ञात बदमाश मौके से धमकी देते हुए फरार हो गए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 11 November 2026, पृष्ठ 10