इंदौर। क्राइम ब्रांच टीम ने एम.आर.04 रोड स्थित भंडारी ब्रिज के पास से घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को धर दबोचा है, जिसके कब्जे से साढ़े चार किलो से अधिक अवैध गांजा जब्त किया गया है। आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, पुलिस टीम शहर में गश्त और चेकिंग के दौरान एम.आर.04 रोड, भंडारी ब्रिज के पास पहुँची थी। इसी दौरान वहाँ एक संदिग्ध व्यक्ति सफेद रंग की प्लास्टिक की बोरी लेकर बैठा हुआ दिखाई दिया। पुलिस बल को पास आते देख वह हड़बड़ाकर भागने की कोशिश करने लगा, जिसे सतर्क टीम ने त्वरित घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आकाश चिलेगिया निवासी विजयनगर क्षेत्र बताया। संदिग्ध प्रतीत होने पर जब उसकी बोरी की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर से 4.503 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ ‘गांजा’ बरामद हुआ। जब्त किए गए इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 45,000/- आंकी गई है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आकाश चिलेगिया एक शातिर और आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध शहर के विभिन्न थानों में मारपीट, अड़ीबाजी और जुआ एक्ट जैसे कुल 08 गंभीर आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। कक्षा 10वीं तक शिक्षित आरोपी फूल बेचने का कार्य करता है, लेकिन आड़ में अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहता है। क्राइम ब्रांच इंदौर ने आरोपी आकाश चिलेगिया के विरुद्ध थाना अपराध शाखा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर यह गहनता से पूछताछ कर रही है कि वह यह भारी मात्रा में गांजा किससे और कहाँ से खरीदकर लाया था तथा इस अवैध नेटवर्क में उसके साथ और कौन- कौन लोग जुड़े हुए हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

![[हटाएं – 17900 में जोड़ दिया] मामूली बात पर युवक से मारपीट](https://cityblast.in/wp-content/uploads/2026/10/cbs-fallback-crime-v3-640x360.jpg)
