इंदौर। सांवेर थाना क्षेत्र के ग्राम रिंगनोदिया में कंपनी की छुट्टी के दौरान रखी गई एक शराब पार्टी में खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। शराब मांगने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही साथी के गले पर प्लास्टिक काटने वाले कटर से हमला कर दिया। गले में गंभीर घाव होने से पीड़ित लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी मौके से चंपत हो गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना ग्राम रिंगनोदिया स्थित एक किराए के मकान की है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक का नाम भरत निवासी डॉल्फिन कॉलोनी, बड़ोदिया ऐमा है। भरत की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी गौतम के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरियादी भरत ने पुलिस को बताया कि कंपनी की छुट्टी होने के कारण आरोपी गौतम ने अपने किराए के कमरे पर दोस्तों के लिए पार्टी रखी थी। खाना खाने के बाद आरोपी गौतम और शराब पीने की जिद करने लगा। इस पर जब भरत ने उससे कहा कि तू अब यहां से चला जा, और शराब नहीं मिलेगी तो गौतम आपा खो बैठा। उसने पास में पड़ा प्लास्टिक काटने वाला कटर उठाया और सीधे भरत के गले पर वार कर दिया। कटर लगते ही भरत की गर्दन से तेजी से खून बहने लगा और वह वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी गौतम मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश में सांवेर पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

![[हटाएं – 17900 में जोड़ दिया] मामूली बात पर युवक से मारपीट](https://cityblast.in/wp-content/uploads/2026/10/cbs-fallback-crime-v3-640x360.jpg)
