इंदौर। एरोड्रम थाना पुलिस ने बैंक खातों का दुरुपयोग कर अवैध लाभ अर्जित करने वाले म्यूल खातों के पांच जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपने महंगे शौक पूरे करने के लालच में खुद के बैंक खाते अन्य आरोपियों को बेच दिए थे, जिनका इस्तेमाल अवैध लेनदेन के लिए किया जा रहा था।
एरोड्रम थाना पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम ने संदेही राज पिता रविन्द्र वैद्य, निवासी गोविंद कॉलोनी, बाणगंगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में राज ने खुलासा किया कि उसने अपने दोस्तों तुषार चौहान पिता जीवन सिंह चौहान, निवासी फ्रीगंज मरीमाता, और आयुष उर्फ लक्की प्रजापत पिता लक्ष्मण प्रजापत, निवासी गोविंद कॉलोनी, बाणगंगा के साथ मिलकर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की अलग-अलग शाखाओं में अपने बैंक खाते खुलवाए थे। इसके बाद इन तीनों ने अपने ये बैंक खाते अजय पिता महेंद्र पटेल, निवासी लेक पैलेस कॉलोनी, एरोड्रम और रीतेश पिता आशीष प्रजापत, निवासी सत्य सांई बाग कॉलोनी, बाणगंगा को बेच दिए थे। इस खुलासे के आधार पर पुलिस ने गिरोह के पांचों आरोपियों राज वैद्य, तुषार चौहान, आयुष उर्फ लक्की प्रजापत, अजय पटेल और रीतेश प्रजापत को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सामने आया कि राज वैद्य के पास सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की एयरपोर्ट रोड शाखा का म्यूल बैंक खाता था, जिसे इसने अवैध लाभ की लालच में अन्य आरोपियों को बेचा था। वहीं तुषार चौहान का खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सियागंज शाखा में खुला हुआ था, जिसे म्यूल अकाउंट के रूप में उपयोग के लिए बेचा गया था। इसके अलावा आयुष उर्फ लक्की प्रजापत का खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की कपड़ा मार्केट शाखा में संचालित था, जिसे सौदेबाजी के तहत अन्य तस्करों को सौंपा गया था। इन तीनों संदेहियों ने महज 20-20 हजार रुपये के अवैध लाभ और लालच में अपने ये बैंक खाते अजय पटेल और रीतेश प्रजापत को बेचे थे, जिन्होंने आगे इन्हें अन्य लोगों को उपलब्ध कराया था। एरोड्रम थाना पुलिस ने इस मामले में सभी पांचों आरोपियों के विरुद्ध संगीन धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है और इस वित्तीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 11 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

![[हटाएं – 17900 में जोड़ दिया] मामूली बात पर युवक से मारपीट](https://cityblast.in/wp-content/uploads/2026/10/cbs-fallback-crime-v3-640x360.jpg)
