नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के साथ टीम इंडिया ने 2027 विश्व कप की तैयारियों की शुरुआत की। अगला वनडे विश्व कप विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों का आखिरी टूर्नामेंट होगा। विश्व कप का शेड्यूल भी जारी हो चुका है। इसका आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में हो रहा है। वहां की उछाल भरी पिचों पर जीत हासिल करने के लिए तेज गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन चिंता बढ़ाने वाला रहा।
इस सीरीज में सभी गेंदबाजों की जमकर पिटाई हुई, लेकिन भारतीय तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन इतना खराब रहा कि कई साल पुराने रिकॉर्ड टूट गए। वहीं, कुलदीप यादव ने शुरुआती 2 मुकाबलों में बहुत ही शानदार गेंदबाजी की। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों ने भी तीसरे वनडे में अपनी छाप छोड़ी। वहीं, भारतीय तेज गेंदबाज एक-एक कर शर्मनाक रिकॉर्ड बनाते रहे। सीरीज के दूसरे मैच में आकिब नबी ने अपने वनडे करियर की शुरुआत की। हालांकि, उन्होंने 8.5 ओवर में 84 रन खर्च कर दिए और कोई विकेट नहीं लिया। इस तरह वह पिछले 51 साल में भारत के लिए सबसे घटिया डेब्यू करने वाले गेंदबाज बन गए। इससे पहले करसन घावरी ने 1975 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू वनडे में 83 रन दिए थे। अहम बात यह है कि उन्होंने 11 ओवर में इतने रन लुटाए थे, जबकि नबी ने सिर्फ 8.5 ओवर में 84 रन खर्च कर दिए। गुरनूर ब्रार को वनडे टीम में लगातार मौके दिए जा रहे हैं और इस सीरीज में उन्होंने बहुत ज्यादा निराश किया। तीन मैचों में उन्होंने 253 रन खर्च कर दिए और तीन वनडे की सीरीज में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज बने। इस मामले में केविन ओ ब्रायन दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 2015 में तीन मैच की सीरीज में 246 रन दे दिए थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




