मध्य प्रदेश लोकसेवा आयोग तमाम रुके हुए 13 फीसदी परिणाम 9 जनवरी से पहले जारी करेगा या नहीं यह दिसंबर माह में साफ हो जाएगा। यही नहीं ओबीसी आरक्षण के लिए तैयार 87-13 का फार्मूला आगामी परीक्षाओं में जारी रहेगा या खत्म होगा, यह भी साफ हो जाएगा। सरकार पहली सुनवाई में ही हाईकोर्ट के फैसले पर स्टे के लिए प्रयास करेगी।
प्रदेश में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण पर सरकार की कानूनी लड़ाई सुप्रीम कोर्ट की तकनीकी आपत्तियों में उलझने के कारण एमपी पीएससी के कई रिजल्ट व चयन सूचियां फिर अटक गई थी। जबलपुर हाई कोर्ट के 9 अक्टूबर के फैसले के खिलाफ सरकार की स्पेशल लीव पिटीशन (एसएलपी) को अब तक नियमित एसएलपी नंबर आवंटित नहीं होने से यह स्थिति बनी थी।
अब सुप्रीम कोर्ट में कब सुनवाई होगी, क्या फैसला वहीं हाई कोर्ट के फैसले के आधार पर राज्य शासन को 13 फीसदी रुके हुए रिजल्ट 9 जनवरी से पहले घोषित करना है।
क्या-क्या है अटका हुआ
पीएससी के भी कई रिजल्ट रुके हुए हैं। इनमें राज्य सेवा मुख्य परीक्षा- 2025 व 2026 के परिणामों के साथ ही असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा- 2024 के पॉलिटिकल साइंस, फिजिक्स विषयों की चयन सूची, 2025 की सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा के 87 पद वाले कम्प्यूटर साइंस विषय की चयन सूची शामिल हैं। अब बॉटनी के इंटरव्यू भी हो रहे हैं। इसके साथ ही एडीपीओ भर्ती परीक्षा का परिणाम भी रुका है।
पीएससी के सामने सबसे बड़ी चुनौती तो राज्य सेवा परीक्षा-2027 के विज्ञापन को लेकर है। यह 10 दिसंबर से पहले जारी होना है। सवाल यह है कि अगर उससे पहले स्थिति स्पष्ट नहीं हुई तो पीएससी 87-13 के फॉर्मूले का जिक्र विज्ञापन में करेगा या नहीं? बड़ा सवाल बस यह है कि अगर सुप्रीम कोर्ट से कोई राहत नहीं मिलती है तो शासन को हाई कोर्ट के फैसले को ही मानना होगा।
क्या सिस्टम लागू हुआ था
पीएससी सितंबर 2022 के बाद से सभी रिजल्ट 87-13 के फॉर्मूले से घोषित कर रहा है। इसमें राज्य सेवा परीक्षा 2019 से लेकर 2024 तक की चयन सूची भी शामिल हैं। इन सभी चयन सूची में 13 प्रतिशत परिणाम होल्ड पर रखे गए थे। चूंकि हाई कोर्ट ने ओबीसी आरक्षण 14 से 27 फीसदी किए जाने के निर्णय को खारिज कर दिया है। ऐसे में रिजल्ट घोषित होने की संभावना तो बनी है, लेकिन राज्य शासन के सुप्रीम कोर्ट जाने के बाद से सस्पेंस बढ़ गया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 26 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




