नई दिल्ली। रक्षाबंधन के पवित्र अवसर पर खेल जगत के दिग्गजों ने अपनी बहनों के साथ प्यार के इस अटूट बंधन को बड़े ही धूमधाम से मनाया। भारतीय क्रिकेट के कई बड़े सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बहनों के साथ खास तस्वीरें साझा कर अपने इस खूबसूरत रिश्ते की झलकियां दिखाईं।
भारतीय रन मशीन विराट कोहली ने इस बार का रक्षाबंधन अपनी बहन भावना कोहली ढींगरा के साथ मनाया। इस खास मौके पर भावना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक प्यारी सी तस्वीर शेयर की, जिसमें वे विराट की कलाई पर राखी बांधती हुई नजर आ रही हैं। तस्वीर के साथ भावना ने एक बेहद इमोशनल मैसेज लिखा, चाहे जिंदगी हमें किसी भी मोड़ पर ले जाए, मेरी दुआएं हमेशा तुम्हारे साथ रहेंगी।
मुल्तान के सुल्तान कहे जाने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी अपनी बहनों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार बड़ी सादगी और प्यार से मनाया। सहवाग ने इंस्टाग्राम पर राखी बंधवाते हुए एक खूबसूरत तस्वीर साझा की और दिल छू लेने वाला संदेश लिखा, कलाई पर धागा, दिल में वादा। उन सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं, जो कलाइयों पर प्यार और दिल में मजबूती बांधती हैं।
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने अपनी बड़ी बहन (ताई) के प्रति अपने आदर और स्नेह को इस खास दिन पर जाहिर किया। सचिन ने घरेलू समारोह की तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें उनकी बहन उन्हें राखी बांधती दिख रही हैं। सचिन ने लिखा, 'हैप्पी राखी ताई, हमने कई साल और यादें बांटी हैं। मैं बेहद खुशकिस्मत हूं कि मुझे आपका साथ हमेशा मिला है।' स्टार गेंदबाज दीपक चाहर और उनकी बहन मालती चाहर के बीच का रिश्ता हमेशा से ही हंसी मजाक और प्यार से भरा रहा है। इस रक्षाबंधन पर भी दोनों का फनी अंदाज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। मालती और दीपक का फिल्मी डायलॉग के अंदाज में बनाया रील फैंस द्वारा काफी पसंद किया गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 29 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




