नई दिल्ली। जापान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टी20 मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट फैंस काफी ज्यादा उत्साहित हैं। इस मैच में सबसे ज्यादा नजरें युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हुई हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई तीन मैचों की टी-20 सीरीज में सूर्यवंशी को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था, लेकिन जापान के खिलाफ उन्हें प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है। हाल ही में हेड कोच गौतम गंभीर ने भी स्पष्ट किया था कि सूर्यवंशी अभी बेहद युवा हैं और टीम में मौजूद सीनियर खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिलना स्वाभाविक है। हालांकि, गंभीर ने यह भी भरोसा दिया था कि जब सूर्यवंशी को मौका मिलेगा, तो उन्हें खुद को साबित करने के पर्याप्त अवसर दिए जाएंगे।
जापान के खिलाफ खेले जाने वाले इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी और आक्रामक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करते हुए नजर आ सकते हैं। एशियन गेम्स 2026 से पहले भारत का यह आखिरी औपचारिक टी-20 मुकाबला है, इसलिए टीम मैनेजमेंट बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने और नए खिलाड़ियों को मौका देने के मूड में दिख रहा है। नंबर-3 पर ईशान किशन, नंबर-4 पर कप्तान श्रेयस अय्यर और नंबर-5 पर उपकप्तान तिलक वर्मा पारी को संभालेंगे। इसके बाद शिवम दुबे, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ऑलराउंडर की भूमिका में दिखेंगे, जबकि लेग स्पिनर रवि बिश्नोई मुख्य स्पिनर की जिम्मेदारी संभालेंगे। नीतीश कुमार रेड्डी के वनडे टीम में शामिल होने और तेज गेंदबाज हर्षित राणा के चोटिल होने के बाद यश ठाकुर को स्क्वाड में शामिल किया गया है। हालांकि, तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ही करते नजर आएंगे।
जापान के खिलाफ भारत की
संभावित प्लेइंग-11— वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




