हरारे। हरारे में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से रौंदकर सीरीज में 1- 0 की बढ़त बना ली है। इस मुकाबले में न केवल भारत की हार का सिलसिला टूटा, बल्कि युवा खिलाड़ियों के दम पर कई नए और ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स भी बने। खासकर टीम इंडिया के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी और कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए यह मैच काफी खास रहा। इस रिपोर्ट में हम ऐसे ही कुछ रिकॉर्ड्स की बात करने वाले हैं जो पहले टी20 में टूट गए। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के नाम टॉस जीतकर मैच न जीत पाने का एक निराशाजनक रिकॉर्ड दर्ज हो गया था। प्रकाश मिश्रा (बुल्गारिया, 2021) के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर मौजूद अय्यर ने लगातार 7 बार टॉस जीतने के बावजूद अपनी कप्तानी में जीत का मुंह नहीं देखा था। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली इस धमाकेदार जीत के साथ ही उनका यह अनचाहा और शर्मनाक सिलसिला आखिरकार खत्म हो गया। भारतीय क्रिकेट टीम का जून 2026 से जुलाई 2026 के दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे खराब दौर देखने को मिला था। इस दौरान भारतीय टीम लगातार 7 मैचों (6 हार और 1 बेनतीजा) तक जीत हासिल करने में नाकाम रही थी। यह भारत के टी20 इतिहास का सबसे लंबा विनलेस सीक्वेंस था, जो इस मैच में जिम्बाब्वे को हराकर टूट गया। इससे पहले भारत 2009 और 2021 में लगातार 4-4 मुकाबले बिना जीते गंवा चुका है। जिम्बाब्वे ने भारत के सामने जीत के लिए 126 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय बल्लेबाजों ने 40 गेंदें शेष रहते ही बेहद आसानी से हासिल कर लिया। 120 से अधिक रनों का पीछा करते हुए बची हुई गेंदों के लिहाज से यह टी20 आई में भारत की चौथी सबसे बड़ी जीत है। इस सूची में भारत की सबसे बड़ी जीत न्यूजीलैंड के खिलाफ गुवाहाटी (2026) में आई थी, जहां टीम ने 60 गेंदें बाकी रहते 154 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया था।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




