सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
खेल

कल भारत और वेस्टइंडीज की टीमें इंदौर आएंगी

मैच को लेकर होलकर स्टेडियम तैयार, वैभव को देखने की सबकी आस

इंदौर। भारत और वेस्टइंडीज के मध्य रविवार को होने वाले मैच को लेकर होलकर स्टेडियम में तैयारियां लगभग पूरी हो गई है। आज रांची में मैच खेलने के बाद, कल दोनों टीमें रांची से विशेष विमान से दोपहर में इंदौर पहुंचेगी। दोनों टीमों को एयरपोर्ट से लेकर होटल तक पहुंचाने के लिए एमपीसीए ने विशेष बस की व्यवस्था की है। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी बस को लेकर पूरे मार्ग पर पुलिस व्यवस्था तैनात की है।

अभ्यास का शेड्यूल तय नहीं

आज रात मैच खेलने के बाद रविवार को फिर मैच खेलना है और कल का ही दिन दोनों टीमों के लिए आराम का है। ऐसे में शनिवार को दोनों टीमें अभ्यास करने होलकर स्टेडियम नहीं पहुंचेंगी। किसी खिलाड़ी को अभ्यास करना भी होगा तो वह इंडोर एकेडमी में कर सकेगा। मैदान पर अभ्यास की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। यानी दोनों टीमें सीधे रविवार को ही मैदान पर दिखाई देगी।

वैभव को लेकर भारी क्रेज

वैभव सूर्यवंशी को लेकर इंदौरियों में भारी क्रेज है। आईपीएल में जिस तरह से उन्होंने बड़े-बड़े गेंदबाजों को धोया है, उससे उनकी फैन फालोइंग काफी बढ़ गई है। 15 साल का लड़का किस तरह गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजता है यह देखने के लिए इंदौरी काफी उत्सुक है। होलकर स्टेडियम वैसे भी छोटा स्टेडियम है ऐसे में यहां चौको-छक्कों की बारिश भी देखने को मिेलेगी।

भारत का पलड़ा है भारी

भारत का पलड़ा अब तक वेस्टइंडीज पर भारी ही है। इंदौर में दोनों टीमों को खेलते हुए देखने के लिए दर्शक लालायीत है। सारी टिकटे पहले ही बिक गई है और अब भी टिकटों की भारी डिमांड देखी जा रही है। कई लोग अब भी टिकटों की पूछ परख कर रहे है, कई लोग तो ब्लैक में भी खरीदने को तैयार है, लेकिन इस बीच कई फर्जी वेबसाइट से टिकट लेने के चक्कर में ठगी का शिकार हो रहे है। इसके लिए पुलिस ने भी लोगों को सचेत किया है कि किसी भी फर्जी वेबसाइट से टिकट नहीं खरीदे, क्योंकि एमपीसीए ने सारे टिकट पहले ही बेच दिए है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 9 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 11