मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
खेल

चौथे दिन डाइविंग में सुप्रदीप साहा ने जीता स्वर्ण, वॉटरपोलो में भी रोमांचक मुकाबले

इंदौर। आईडीए अंतरराष्ट्रीय तैराकी परिसर में आयोजित 43वीं सब-जूनियर एवं 52वीं जूनियर राष्ट्रीय जलीय प्रतियोगिता-2026 के चौथे दिन डाइविंग और वॉटरपोलो के रोमांचक मुकाबले खेले गए। देशभर से आए खिलाड़ियों…

इंदौर। आईडीए अंतरराष्ट्रीय तैराकी परिसर में आयोजित 43वीं सब-जूनियर एवं 52वीं जूनियर राष्ट्रीय जलीय प्रतियोगिता-2026 के चौथे दिन डाइविंग और वॉटरपोलो के रोमांचक मुकाबले खेले गए। देशभर से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। डाइविंग में एसएससीबी के सुप्रदीप साहा ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि वॉटरपोलो के लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। डाइविंग की बालक वर्ग-1, 3 मीटर स्प्रिंगबोर्ड स्पर्धा में एसएससीबी के सुप्रदीप साहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 416.65 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक जीता। एसएससीबी के ही रिसव दास ने 402.80 अंक के साथ रजत पदक तथा असम के रूपम गोगोई ने 399.15 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया। बालिका वर्ग- 1, 3 मीटर स्प्रिंगबोर्ड स्पर्धा में महाराष्ट्र की श्रावणी प्रताप सूर्यवंशी ने 284.40 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। तमिलनाडु की मृणालिनी के. कुमार ने 235.85 अंक के साथ दूसरा तथा कर्नाटक की पूर्विका वेंकटेश ने 225.15 अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। मध्यप्रदेश की अवनि यादव ने 222.75 अंक अर्जित कर पांचवां स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के चौथे दिन वॉटरपोलो के लीग मुकाबले भी खेले गए। बालिका वर्ग में कर्नाटक ने महाराष्ट्र को 14-5 से पराजित किया। कर्नाटक की प्रचेता आर. राव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अकेले 7 गोल किए और अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बालक वर्ग में गुजरात ने मध्यप्रदेश को 14-6 से हराया। गुजरात की ओर से प्रियांश आर. दवे ने 7 गोल किए। मध्यप्रदेश की ओर से दिव्यरूप पटवारी ने शानदार खेल दिखाते हुए 6 गोल किए, हालांकि टीम को जीत नहीं मिल सकी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 11 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें