सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
खेल

फूटी कोठी ब्रिज के नीचे शुरू होगी खेल गतिविधि

निगम ने प्राइवेट सेक्टर को काम सौपने के लिए बुलाए प्रस्ताव

फूटी कोठी चौराहे पर निर्मित किए गए फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे के स्थान पर अब खेल गतिविधि शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। इंदौर नगर निगम के द्वारा प्राइवेट सेक्टर को इस काम को देने के लिए प्रस्ताव बुलवाए गए हैं। इंदौर विकास प्राधिकरण के द्वारा 40 करोड़ रुपए की लागत से फूटी कोठी चौराहे पर फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण यातायात की सुगमता के लिए किया गया था। जब से यह फ्लाईओवर ब्रिज बनकर तैयार हुआ और उस पर यातायात शुरू हुआ तब से ही इस ब्रिज के नीचे के खाली स्थान पर खेल गतिविधि शुरू करने के लिए क्षेत्र के लोगों की ओर से मांग उठने लगी थी। इंदौर नगर निगम के द्वारा पहले तो इस मांग पर आनाकानी की जा रही थी। इंदौर विकास प्राधिकरण के द्वारा यहां पर खेल गतिविधि शुरू करने का फैसला फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण के समय पर ही ले लिया गया था। इस फैसले पर नगर निगम के द्वारा यह कहते हुए आपत्ति ली गई थी कि यह ब्रिज नगर निगम की जमीन पर बना है। हमने प्राधिकरण को केवल ब्रिज बनाने की अनुमति दी है। ब्रिज के नीचे की जमीन का उपयोग करने का अधिकार प्राधिकरण को नहीं है। निगम के इस रुख के कारण प्राधिकरण ने यहां पर ब्रिज के नीचे गतिविधि शुरू करने के प्रस्ताव को रोक दिया। इसके बाद नगर निगम यह विचार करता रहा कि यहां पर सब्जी मंडी को शिफ्ट किया जाए। फल की नई मंडी लगाई जाए। खेल गतिविधि शुरू की जाए। इस विचार को करते-करते अब जाकर नगर निगम किसी फैसले की सीमा तक पहुंच सका है। निगम की ओर से प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप के तहत यहां पर खेल गतिविधि शुरू करने की पहल की गई है।

इंदौर नगर निगम के यातायात विभाग के द्वारा फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे के स्थान पर खेल गतिविधि के संचालन के लिए निर्माण करने और वहां पर खेल गतिविधि का संचालन करने के लिए निजी क्षेत्र से प्रस्ताव बुलवाए गए हैं। इस बारे में 9 अक्टूबर को दोपहर 3:00 बजे एक बैठक भी रखी गई है। अब निगम को उम्मीद है कि इस पहल के परिणाम स्वरूप इस क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे खेल गतिविधियों की सुविधा और सौगात मिल जाएगी।

पिपलिया हाना चौराहा पर

हुआ है प्रयोग- इंदौर विकास प्राधिकरण के द्वारा पिपलियाहाना चौराहा पर जब फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण किया गया तो उसके नीचे के स्थान पर खेल गतिविधि के संचालन का प्रयोग इंदौर में पहली बार किया गया। यह प्रयोग पूरी तरह से सफल रहा। इसके परिणाम स्वरूप पुल के नीचे के स्थान पर जहां अक्सर अवैध निर्माण हो जाते हैं और लोगों के द्वारा कब्जे कर लिए जाते हैं, वहां पर खेल गतिविधियां चलने लगी और आसपास की 50 कॉलोनी में रहने वाले लोगों को नई सुविधा मिल सकी। यह एक अलग बात है कि यह पूरी सुविधा सशुल्क है। इससे लोगों को कोई आपत्ति नहीं है। लोग तो चाहते हैं कि चाहे पैसा देना पड़े लेकिन उन्हें खेल गतिविधि की सुविधा मिले ताकि वे लोग अपनी फिटनेस पर फोकस कर सकें। अब फूटी कोठी क्षेत्र के नागरिकों को भी यह सौगात देने का रास्ता साफ हो गया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें