आर्लिंग्टन। फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। डलास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही अनुशासित खेल दिखाया और प्रांस की मजबूत आक्रमण पंक्ति को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। स्पेन की ओर से मिकेल ओयरजाबल ने 22वें मिनट में पेनल्टी पर पहला गोल किया, जबकि दूसरे हाफ में पेड्रो पोरो ने 58वें मिनट में शानदार गोल दागकर टीम की जीत लगभग तय कर दी। अब स्पेन का सामना फाइनल में इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। खिताबी मुकाबला रविवार को न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा।
पेनल्टी से मिली बढ़त
मैच की शुरुआत में प्रांस ने कुछ तेज हमले किए और किलियन एम्बाप्पे ने अपनी गति से स्पेनिश डिफेंस को चुनौती देने की कोशिश की। हालांकि, पहला बड़ा मौका स्पेन को मिला। 19 वर्षीय लामिन यमाल बॉक्स के अंदर गेंद तक पहले पहुंचे, जहां प्रांस के डिफेंडर लुकास डिग्ने ने उन्हें फाउल कर दिया। रेफरी ने तुरंत पेनल्टी का इशारा किया। 22वें मिनट में मिकेल ओयरजाबल ने पेनल्टी को गोल में बदलते हुए स्पेन को 1-0 की बढ़त दिला दी। गोलकीपर माइक मेन्यां सही दिशा में डाइव लगाने के बावजूद गेंद को रोक नहीं सके।
पोरो ने बढ़त की दोगुनी
पहले हाफ में बढ़त हासिल करने के बाद स्पेन ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा। 58वें मिनट में दानी ओल्मो के साथ शानदार वन- टू पास खेलने के बाद पेड्रो पोरो ने बेहतरीन फिनिश के साथ गेंद को गोलपोस्ट के निचले कोने में पहुंचाकर स्कोर 2-0 कर दिया। इस गोल के बाद प्रांस पर दबाव और बढ़ गया, जबकि स्पेन ने पूरे आत्मविश्वास के साथ मैच पर नियंत्रण बनाए रखा।
प्रांस की कोशिश नाकाम
दो गोल से पिछड़ने के बाद प्रांस के कोच ने डेजिरे डुए और रयान चेर्की को मैदान पर उतारकर आक्रमण को मजबूत करने की कोशिश की। किलियन एम्बाप्पे ने भी कई बार स्पेनिश रक्षा पंक्ति को भेदने का प्रयास किया, लेकिन गोलकीपर उनाई सिमोन ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, डिफेंडर मार्क कुकुरेला ने भी एम्बाप्पे के एक खतरनाक मूव को बेहतरीन टैकल से रोक दिया। स्पेन की संगठित डिफेंस और अनुशासित खेल के सामने प्रांस पूरे मैच में गोल नहीं कर सका। अंतिम सीटी बजते ही स्पेन के खिलाड़ियों और समर्थकों में जश्न का माहौल छा गया, जबकि प्रांस की टीम निराश नजर आई। इस जीत के साथ स्पेन फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। दूसरी ओर, प्रांस अब तीसरे स्थान के मुकाबले में खेलेगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 15 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




