नई दिल्ली। शेर ए पंजाब टी-20 लीग में भारतीय क्रिकेट के दो जिगरी दोस्त और दिग्गज बल्लेबाज शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा आपस में टकराते नजर आए। बचपन से एक साथ क्रिकेट सीखकर वर्ल्ड क्रिकेट पर छा जाने वाले इन दोनों सितारों का मोहाली में आमना- सामना हुआ। भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल जहां फाजिल्का फाल्कन्स की कमान संभाल रहे थे वहीं आईसीसी रैंकिंग में तीसरे नंबर के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अमृतसर सूरमास की तरफ से मैदान में उतरे। इस हाईवोल्टेज मुकाबले में फाजिल्का फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 191 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए महज 35 गेंदों पर 8 चौकों और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 67 रनों की आतिशी पारी खेली। हालांकि, पारी का 10वां ओवर काफी रोमांचक रहा जब अभिषेक शर्मा गेंदबाजी करने आए। शुभमन गिल ने पहली गेंद पर सीधा छक्का, तीसरी पर चौका और पांचवीं गेंद पर फिर से छक्का जड़ा, लेकिन आखिरी गेंद पर बड़े शॉट के चक्कर में नमन धीर को कैच दे बैठे और अभिषेक ने गिल का विकेट लेकर बाजी मार ली।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




