अभी तक युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व बी.वी. श्रीनिवास निभा रहे थे। अब उन्हें सेवादल की जिम्मेदारी दी गई है। नए दायित्व के बाद वे पहली बार इंदौर आ रहे हैं। आज शाम 4.30 बजे वे दिल्ली से इंदौर विमानतल पर पहुंचेंगे। सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश भार्गव, संगठन प्रभारी प्रतापनारायण मिश्रा सहित प्रदेश और शहर-जिला सेवादल पदाधिकारी उनकी अगवानी करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और महात्मा गांधी क्विज प्रतियोगिता को लेकर प्रदेश सेवादल अध्यक्ष अविनाश भार्गव ने कल मीडिया से चर्चा भी की। भार्गव ने कहा कि कांग्रेस विचारकों और राष्ट्रनिर्माताओं की पार्टी है, जबकि भाजपा और संघ की राजनीति आज प्रचार और राजनीतिक विमर्श को नियंत्रित करने तक सीमित होती जा रही है। देश का युवा अब केवल भाषण सुनने वाला नहीं है, वह सवाल पूछता है और जवाब मांगता है।’ भार्गव ने कहा कि आज की जेन-जी और आने वाली जेन-अल्फा पीढ़ी के सामने सबसे बड़ा सवाल अपने भविष्य का है। युवा शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, भर्ती प्रक्रिया, पेपर लीक, कौशल और अवसरों को लेकर सवाल पूछ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘युवा के हाथ में डिग्री है, लेकिन वह नौकरी और अवसर की तलाश में भटक रहा है। उसे इतिहास के नाम पर बहस नहीं, भविष्य के लिए रोजगार और अवसर चाहिए। सरकार को युवाओं के इन सवालों का जवाब देना होगा।’ पत्रकारवार्ता में कल अविनाश भार्गव, प्रतापनारायण मिश्रा, अमित चौरसिया, मुकेश ठाकुर सहित अन्य मौजूद थे। आज राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगवानी होगी और कल 3 अक्टूबर को दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक पिपलियाराव गुरुद्वारा के सामने गार्डन में क्विज प्रतियोगिता के अन्तर्गत 60 मिनट में 50 सवाल कार्यक्रम में होंगे। प्रतिभागियों को बहुविकल्पीय प्रश्न हल करने होंगे। परिणाम हाथोंहाथ घोषित होंगे। इनमें 150 पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




